जयपुर के मुस्लिम स्कूल और काॅलेज में एडमिशन शुरू
जयपुर के मुस्लिम स्कूल और काॅलेज में एडमिशन शुरू
--------------------------------------------
कोरोना महामारी और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद नई कमेटी पूरे संस्थान का कायापलट करने में लगी हुई है
*****************************
--------------------------------------------
कोरोना महामारी और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद नई कमेटी पूरे संस्थान का कायापलट करने में लगी हुई है
*****************************
जयपुर (टीम इकरा पत्रिका)। करीब 80 दशक पहले शुरू हुए जयपुर के मुस्लिम स्कूल का नई कमेटी कोरोना महामारी और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कायापलट करना चाहती है। आजादी से पहले कायम हुआ यह तालीमी इदारा मुस्लिम स्कूल के नाम से मशहूर है, जहाँ गर्ल्स, बाॅयज स्कूल और गर्ल्स कॉलेज, कम्प्यूटर सेन्टर के अलावा भी कुछ इदारे चलाए जाते हैं। इन सभी इदारों में एडमिशन शुरू हो चुके हैं। इस संस्थान की हालत सुधारने और यहाँ ज्यादा से ज्यादा बच्चों के एडमिशन करने के लिए प्रबन्ध कमेटी और पूरा स्टाफ एकजुट होकर कोशिश कर रहा है।
यहाँ संचालित सभी इदारों को अन्जुमन तालीमुल मुस्लिमीन नामक संस्था संचालित करती है। जिसके लम्बी जद्दोजहद और बरसों बाद गत बरस (21 दिसम्बर 2019 को) चुनाव हुए थे। नई प्रबन्ध कमेटी के आने से पहले यह संस्थान पूरी तरह से बदहाल था। यह संस्थान (इदारा) बदहाली की मार क्यों झेल रहा था, इस पर इकरा पत्रिका में कई लेख प्रकाशित किए गए थे। एक बार तो इकरा पत्रिका ने इस संस्थान की बदहाली पर एक विशेषांक भी प्रकाशित किया था।
यहाँ नई कमेटी के चुनाव के बाद शब्बीर खान को सेक्रेटरी बनाया गया और इसके बाद पूरी टीम ने इस पूरे संस्थान की कायापलट करने की योजना बनाई। पूरी टीम एकजुटता से इस काम में लग गई। लेकिन चन्द दिनों बाद ही कोरोना महामारी और लाॅकडाउन शुरू हो गया। जिससे सारी योजना अधरझूल में हो गई। फिर भी इस टीम ने हिम्मत नहीं हारी और तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद यह टीम इदारे को पटरी पर लाने की कोशिश में लगी हुई है। सेक्रेटरी शब्बीर खान ने इकरा पत्रिका को बताया कि कोरोना महामारी, लाॅकडाउन और अर्थ व्यवस्था का हाल सबको मालूम है, फिर भी हम सभी साथी और स्टाफ मुस्लिम स्कूल के तमाम इदारों को मय्यारी इदारे बनाने के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि यह इदारा आपके सामने था, कैसा था आप भलीभांति जानते हैं। बस हम यह इरादा लेकर यहाँ आए हैं कि यह इदारा एक मय्यारी इदारा बने। लेकिन कोरोना महामारी ने जिस तरह पूरी दुनिया की व्यवस्था को प्रभावित किया है, वैसे इसे भी प्रभावित किया है। फिर भी हम पूरी ताकत से मैदान में उतरे हुए हैं। यहाँ संचालित सभी इदारों में हमने एडमिशन शुरू कर दिए हैं। हम चाहते हैं कि प्राइम लोकेशन के इस इदारे में लोग ज्यादा से ज्यादा अपने बच्चों के एडमिशन करवाएं। हम अभिभावकों को यह भी समझा रहे हैं कि हमारी कमेटी का यह पहला साल है, इसलिए आप हमें ज्यादा से ज्यादा बच्चे दें और उनकी फीस भी टाइम पर दें, क्योंकि आपके भरपूर तआवुन (सहयोग) के बिना यह इदारे मय्यारी (गुणवत्तापूर्ण) नहीं बन पाएंगे।
शब्बीर खान ने इकरा पत्रिका को बताया कि अवाम हम से (नए मैनेजमेंट से) बहुत उम्मीद रख रही है। इसलिए इस संस्थान (इदारे) को एक बेहतरीन संस्थान बनाने के लिए आपसी तालमेल, पिछली कमेटी का सहयोग और अवाम का भी सहयोग बहुत जरूरी है। इसके बिना इन इदारों की बदहाली दूर करना आसान नहीं है। हम चाहते हैं कि सभी के सहयोग और मशवरे से इन इदारों को संवारा जाए, ताकि यह इदारे मिसाली इदारे बन सकें। उन्होंने बताया कि अप्रेल महीने से ऑनलाइन क्लासेज भी शुरू की हैं।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि हाँ, हमारा यह प्लान है कि हम यहाँ शीघ्रता से एक प्ले ग्रुप स्तर का इंग्लिश मिडियम स्कूल शुरू करेंगे। इसके लिए हमने मय्यारी स्कूलों से सम्पर्क भी किया है, ताकि उनके नाम से यहाँ स्कूल संचालित किया जा सके। लेकिन कोरोना महामारी की वजह से हमारी कुछ योजनाएं इस बार शुरू करने में दिक्कतें आ रही हैं। हम दुआ करते हैं कि कोरोना महामारी का जल्द खात्मा हो और मुस्लिम स्कूल के सभी इदारे बेहतरीन इदारे बन कर हमारी नस्लों को संवार सकें।
उल्लेखनीय है कि मुस्लिम स्कूल प्रबन्ध कमेटी में जाकिर ज़ुबैरी सदर, शब्बीर खान सेक्रेटरी, इलियास कुरैशी नायब सदर और अब्दुल हई अन्सारी कोषाध्यक्ष हैं। इनके अलावा 12 कार्यकारणी सदस्य भी हैं। (24-07-2020)
©️ Copyright :- इस सम्पूर्ण लेख/खबर को या इसके किसी पैराग्राफ़ को हुबहू या तोड़ मरोड़ कर प्रकाशित करना मना है। अलबत्ता आप चाहें तो लेखक और हमारे अखबार के नाम के साथ इस सम्पूर्ण लेख/खबर को सोशल मीडिया पर शेयर जरूर कर सकते हैं।
-------------------------------------------------
-@-एम फारूक़ ख़ान सम्पादक इकरा पत्रिका।
09602992087, 09414361522
©️ Copyright Thar News & Ikra Patrika.
All Rights Reserved.


Comments
Post a Comment