शहीद मोहसिन खान कायमखानी की शहादत के अपमान पर जबरदस्त रोष

 शहीद मोहसिन खान कायमखानी की शहादत के अपमान पर जबरदस्त रोष

--------------------------------------------------
राजस्थान कायमखानी महासभा की भीलवाड़ा जिला इकाई ने झुन्झुनूं कलेक्टर और एसपी को हटाने के लिए दिया ज्ञापन
********************************
भीलवाड़ा (थार न्यूज़-इकरा पत्रिका)। झुन्झुनूं जिले के कोलिंडा गांव के शहीद सैनिक मोहसिन खान कायमखानी (मोहसिम खान) की शहादत के अपमान को लेकर पूरे समाज में रोष व्याप्त है। कायमखानी क़ौम के संगठनों ने शहादत के इस अपमान पर झुन्झुनूं के जिला कलेक्टर और एसपी को तुरंत प्रभाव से हटाकर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उक्त सन्दर्भ में लोग सरकार व प्रशासन को ज्ञापन दे रहे हैं और साथ ही इस मुद्दे को सोशल मीडिया के माध्यम से भी हाईलाईट कर रहे हैं। थार न्यूज़-इकरा पत्रिका ने सबसे पहले इस मुद्दे को उठाया था।


उल्लेखनीय है कि 31 जुलाई को जम्मू-कश्मीर में देश की रक्षा करते हुए झुन्झुनूं जिले के कोलिंडा गांव निवासी 22 वर्षीय सैनिक मोहसिन खान कायमखानी शहीद हो गया था और एक अगस्त को शहीद सैनिक को उनके पैतृक गांव में आखरी विदाई देते हुए सुपुर्द ए खाक किया गया। लेकिन इस आखरी विदाई में जिला कलेक्टर और एसपी को इतनी फुरसत भी नहीं मिली कि वे शहीद की अन्तिम यात्रा में शामिल होते और पुष्प चक्र चढा कर श्रद्धांजलि देते। शहीद सैनिक की शहादत के इस अपमान से कायमखानी क़ौम में जबरदस्त रोष व्याप्त हुआ और उसने सरकार से कलेक्टर और एसपी को हटाने एवं उनके इस आचरण पर कार्रवाई करने की मांग की है।


उक्त सन्दर्भ में 7 अगस्त को राजस्थान कायमखानी महासभा की भीलवाड़ा जिला इकाई ने जिला कलेक्टर भीलवाड़ा के माध्यम से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को ज्ञापन भेजा है। यह ज्ञापन एडीएम भीलवाड़ा नन्द किशोर राजोरा को सौंपा गया। युवा कायमखानी महासभा भीलवाड़ा के जिलाध्यक्ष इमरान कायमखानी ने बताया कि कौम में इस शहादत के अपमान को लेकर जबरदस्त नाराजगी है। इसलिए सरकार से इस ज्ञापन में मांग की गई है कि झुन्झुनूं जिला कलेक्टर और एसपी को तुरंत प्रभाव से हटाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस ज्ञापन में झुन्झुनूं जिला कलेक्टर और एसपी के गैर जिम्मेदाराना आचरण की निन्दा की गई है और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मांग की गई है कि इस सन्दर्भ में शीघ्रता से कार्रवाई करें और दोषी जिला कलेक्टर और एसपी को हटाएं।

 
उन्होंने कहा कि हमने ज्ञापन में बताया है कि कायमखानी कौम के 206 सैनिक विभिन्न युद्धों और सैन्य ऑपरेशनों में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए हैं और शहीदों की इस लिस्ट में मोहसिन खान 206 वां शहीद है। अगर सरकार दोषी अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करेगी, तो कायमखानी कौम लोकतांत्रिक तरीके से धरने प्रदर्शन करेगी और इस आन्दोलन में जनता को बताएगी कि अशोक गहलोत की सरकार में एक शहीद की शहादत का कितना अपमान किया गया है और सरकार ने कठोर कार्रवाई करना तो दूर, शहादत का अपमान करने वाले जिला कलेक्टर और एसपी को पद से हटाया तक नहीं। 


उन्होंने बताया कि इस ज्ञापन की प्रतियां देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी, कांग्रेस के प्रभारी महासचिव अविनाश पांडे, राजस्थान वक्फ बोर्ड चेयरमैन डॉक्टर खानू खान बुधवाली, फतेहपुर विधायक हाकम अली खान आदि को भी प्रेषित की गई हैं। यह ज्ञापन राजस्थान कायमखानी महासभा भीलवाड़ा के जिलाध्यक्ष सांवत खान (पूर्व सरपंच बेसकलाई) के नेतृत्व में कौम के शिष्टमंडल ने एडीएम भीलवाड़ा को दिया है। इस शिष्टमंडल में युवा जिलाध्यक्ष इमरान कायमखानी, अली शेर खान, महमूद खान, सद्दाम खान, भीलवाड़ा टैक्सी यूनियन अध्यक्ष सलीम खान सहित गणमान्य कायमखानी सरदार शामिल थे। 
(07-08-2020)


©️ Copyright :- इस सम्पूर्ण लेख/खबर को या इसके किसी पैराग्राफ़ को हुबहू या तोड़ मरोड़ कर प्रकाशित करना मना है। अलबत्ता आप चाहें तो लेखक और हमारे अखबार के नाम के साथ इस सम्पूर्ण लेख/खबर को सोशल मीडिया पर शेयर जरूर कर सकते हैं।
-------------------------------------------------
-@-एम फारूक़ ख़ान सम्पादक इकरा पत्रिका।
09602992087, 09414361522

©️ Copyright Thar News & Ikra Patrika.
All Rights Reserved.

Comments

Popular posts from this blog

झुंझुनूं में रीटा चौधरी को कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनाने पर जबरदस्त रोष

चित्तौड़गढ़ अन्जुमन स्कूल में किया मुस्लिम शिक्षकों का सम्मान

कुरैशी समाज की नो दहेज, नो गार्डन, नो डिनर मुहिम के तहत सादगी से हुई शादी