नवाब कायम ख़ान साहब के 602 वें शहादत दिवस पर आयोजित हुए कई कार्यक्रम

नवाब कायम ख़ान साहब के 602 वें शहादत दिवस पर आयोजित हुए कई कार्यक्रम
-------------------------------------------------------
कार्यक्रमों के आयोजन में राजस्थान कायमखानी महासभा, कायमखानी यूथ ब्रिगेड, कायमखानी वेलफेयर ट्रस्ट, मुस्लिम महासभा, कायमखानी वेलफेयर सोसायटी, इन्सानियत एकता कमेटी, मुस्लिम वेलफेयर फ्रंट और कई स्थानीय संगठनों का रहा विशेष योगदान
-------------------------------------------------------
इस बार के ब्लड डोनेशन कैम्पों में करीब 3300 यूनिट ब्लड डोनेट कर युवाओं ने पेश की नवाब साहब को खिराज ए अकीदत
-------------------------------------------------------
भीलवाड़ा कायमखानी महासभा ने शाहपुरा अस्पताल के शिशु वार्ड को लिया गोद और गौशाला में की लाजवाब गौ सेवा
************************************
जयपुर/ददरेवा/चूरू/फतेहपुर/झुन्झुनूं/भीलवाड़ा/सुजानगढ/डीडवाना/बीकानेर/हनुमानगढ/भादरा/जोधपुर/टोंक/अजमेर (थार न्यूज़-इक़रा पत्रिका)। 
कायमखानी कौम के प्रथम पुरुष और तत्कालीन हिसार हांसी (हरियाणा) रियासत के नवाब दादा साहेब नवाब कायम खान साहब का 14 जून को शहादत दिवस मनाया गया। इस बार उनका 602 वां शहादत दिवस था। कायमखानी बाहुल्य इलाकों में कई छोटे बड़े प्रोग्राम आयोजित किए गए। पिछली बार से भी अधिक। यह कार्यक्रम हर वर्ष 14 जून को "नवाब कायम ख़ान डे" के तौर पर आयोजित किए जाते हैं। विदेशों में जहाँ जहाँ कायमखानी आबाद हैं या नौकरी पेशा कर रहे हैं वहाँ भी हर वर्ष की भांति नवाब कायम खान डे मनाया गया। कोरोना महामारी की गाइडलाइन के दायरे में देश में जहाँ जहाँ कायमखानी आबाद हैं या सर्विस कर रहे हैं, उन्होंने अपने स्तर पर इस दिन नवाब साहब को खिराज ए अकीदत पेश की।


मुख्य कार्यक्रम दादा साहेब नवाब कायम खान साहब की जन्म स्थली गांव ददरेवा (जिला चूरू) में आयोजित हुआ। जहाँ नवाब कायम खान शहीद स्मारक बना हुआ है। इस स्मारक में 200 से अधिक कायमखानी शहीद सैनिकों की पट्टिकाएं लगी हुई हैं। यह वे भारतीय सैनिक हैं जो विभिन्न युद्धों एवं सैन्य ऑपरेशनों में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए थे। इस मुख्य कार्यक्रम को राजस्थान कायमखानी महासभा के संयोजक कर्नल शौकत खान ने सम्बोधित किया। उन्होंने क़ौम का इतिहास बताते हुए कहा कि हमें हमारे पुरखों की तारीख़ (इतिहास), परम्पराओं और ऐतिहासिक धरोहरों की हिफाज़त करनी है और क़ौम की गंगा जमुनी तहजीब को जिन्दा रखते हुए नई पीढ़ी को एक रोशन और कामयाब रास्ता दिखाना है।


नवाब कायम खान डे पर हर वर्ष की भांति इस बार भी ब्लड डोनेशन कैम्प, वृक्षारोपण, कुरआनख्वानी, फातिहाख्वानी, अस्पतालों में फल वितरण, गौ शालाओं में चारा डालने, पक्षियों के लिए परिन्डे बांधने आदि कार्यक्रम हुए। कोरोना महामारी की वजह से इस बार भी प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित नहीं किए जा सके, लेकिन मास्क वितरण जैसे नए कार्यक्रम और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का सन्देश हर कार्यक्रम में दिया गया। खास बात यह रही कि इन कार्यक्रमों में स्थानीय अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और जन प्रतिनिधियों के अलावा दूसरी कौमों के लोग भी हर वर्ष की भांति शरीक हुए।


मुख्य कार्यक्रम के अलावा अन्य कार्यक्रम चूरू, सुजानगढ, डीडवाना, शाहपुरा (भीलवाड़ा), जयपुर, झुन्झुनूं, फतेहपुर, बीकानेर, अजमेर, टोंक, जोधपुर, हनुमानगढ, भादरा, जाजोद, भीमसर सहित दर्जनों गांवों और कस्बों में आयोजित हुए। खाड़ी देशों में नौकरी करने वाले कायमखानियों ने भी नवाब कायम ख़ान डे मनाया, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से वे इस बार भी बड़े कार्यक्रम आयोजित नहीं कर सके। इस बार के नवाब कायम ख़ान डे पर एक ख़ास कार्यक्रम यह भी आयोजित किया गया कि राजस्थान कायमखानी महासभा के संयोजक कर्नल शौकत अली ख़ान ने नवाब कायम ख़ान डे की पूर्व संध्या पर 13 जून को फेसबुक लाइव के जरिए क़ौम को सम्बोधित किया।


राजस्थान कायमखानी महासभा, कायमखानी यूथ ब्रिगेड और कायमखानी वेलफेयर ट्रस्ट के अलावा कई स्थानीय संगठनों और इदारों ने भी नवाब कायम ख़ान डे के कार्यक्रम आयोजित किए या कार्यक्रमों में सहयोग किया। इनमें मुस्लिम महासभा, कायमखानी वेलफेयर सोसायटी, इन्सानियत एकता कमेटी, मुस्लिम वेलफेयर फ्रंट, हेल्पिंग हैंड्स, अल कुरैश वेलफेयर सोसायटी, मेडिकल सर्विसेज सोसायटी, बिस्मिल्लाह फाउंडेशन, जमाअत ए इस्लामी हिन्द, शेखावाटी वेलफेयर सोसायटी, इंडो नेशनल वेलफेयर सोसायटी आदि प्रमुख हैं।


जो व्यक्ति कोरोना महामारी की वजह से इन कार्यक्रमों में नहीं जा सका, उसने अपने घर पर या गली में नवाब कायम ख़ान साहब को खिराज ए अकीदत पेश की। महिलाओं ने घरों में कुरआन पाक, तस्बीह वगैरह पढकर नवाब साहब और कायमखानी क़ौम की फलाहो बहबूदी के लिए दुआ की। करीब दस जगह ब्लड डोनेशन कैम्प आयोजित किए गए। जिनमें डीडवाना कैम्प की चर्चा सबकी जुबान पर है। यहाँ के युवाओं का जज़्बा वाकई काबिले तारीफ़ है। इस कैम्प में करीब 1250 यूनिट ब्लड डोनेट हुआ।


बाकी ब्लड डोनेशन के कैम्प सुजानगढ, चूरू, फतेहपुर, जाजोद, झुन्झुनूं, भादरा, हनुमानगढ और बीकानेर में आयोजित किए गए। इस बार इन सभी कैम्पों में करीब 3300 यूनिट ब्लड डोनेट कर युवाओं ने नवाब साहब को खिराज ए अकीदत पेश की। गए साल इस दिन आधा दर्जन ब्लड डोनेशन कैम्प आयोजित किए गए थे, जिनमें करीब 1800 यूनिट ब्लड डोनेट किया गया था। इस बार भी कुछ जगह युवाओं के साथ महिलाओं व युवतियों में भी जोशो खरोश देखा गया और उन्होंने भी अपनी सराहनीय उपस्थिति दर्ज करवाते हुए ब्लड डोनेट किया।

भीलवाड़ा : कायमखानी महासभा जिला भीलवाड़ा ने शाहपुरा के जिला अस्पताल के शिशु वार्ड को गोद लिया और कुछ मशीनें भी डोनेट की। साथ ही यहाँ स्थित श्रीपशुपति नाथ गौशाला में गायों को हरा चारा व गुड़ खिलाकर गौ सेवा की गई। उल्लेखनीय है कि नवाब कायम ख़ान साहब खुद गायों का बहुत सम्मान करते थे और कायमखानी नवाबों ने अपनी रियासतों में बेशुमार गौचर भूमि पशुओं के चरने के लिए छोड़ी थी। जिसमें फतेहपुर और झुन्झुनूं का विशाल बीहड़ (गौचर भूमि) प्रमुख हैं, जो आज भी कायमखानी नवाबों के गायों के प्रति सम्मान के गवाह हैं।


सुजानगढ़ : यहाँ राजस्थान कायमखानी महासभा और मुस्लिम महासभा के संयुक्त तत्वावधान में ब्लड डोनेशन कैम्प आयोजित किया गया। मुस्लिम महासभा के तहसील अध्य्क्ष शाहिद खान ने बताया कि कैम्प में मुख्य अतिथि सभापति निलोफर गौरी थीं और कांग्रेसी नेता इदरीश गौरी, शोभासर सरपंच इमरान खान, नूर मोहम्मद खान पहाड़ियान, यूनस ख़ान हासमखानी, हाजी पीरू ख़ान, शेर सिंह भाटी, एडवोकेट तिरलोक मेघवाल, विक्रम सिंह, नेमीचंद प्रजापत, शाकिर खान बेसवा, आरिफ खान, हुसैन खान नसवाण, सद्दाम कादरी आदि भी मौजूद रहे तथा करीब 720 यूनिट ब्लड डोनेट हुआ। सुजानगढ़ में कोरोना महामारी के कारण इस बार आयोजकों ने निर्णय लिया कि ब्लड डोनेशन का कैम्प दो जगह रखा जाए, ताकि भीड़ भाड़ नहीं हो। इसलिए एक कैम्प कायमखानी मदरसे में और दूसरा कैम्प कनोई बालिका स्कूल के पास आयोजित किया गया।


भादरा : प्राप्त खबर के अनुसार यहाँ भादरा लाइफ लाइन संस्था द्वारा स्थानीय नवाब कायम खां मेमोरियल राजकीय यूनानी चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें डाॅक्टर रामपाल ब्लड बैंक जयपुर की टीम ने 180 यूनिट एवं भादरा के स्वामी विवेकानंद ब्लड सेंटर की टीम ने 101 यूनिट रक्त संग्रहित किया। शिविर में संस्था के अध्यक्ष रफ़ीक़ (याकूब) खां हाथीखानी, संयोजक रफ़ीक़ फतेहखानी, सचिव रफ़ीक़ (माँगू)खां नारीका, कोषाध्यक्ष इरफान दौलतखानी, जाफर नारीका, शौकत ख़ान सालतखानी, अलताफ़ नसवाण, आरिफ़ खानजादा, मुकेश सेवदा के अलावा सर्व समाज के युवाओं ने भी उत्साह के साथ रक्तदान किया।




संस्था संचालकों द्वारा रक्तदातों की हौसला अफजाई की गई और सभी को ज्यूस, कॉफी आदि पिलाई गई और खाने पीने की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम के दौरान अभिजीत पूनिया, पूर्व पार्षद भंवर खां, पूर्व पीसीसी महासचिव शब्बीर हुसैन ख़ान, पार्षद अनवर कुरैशी, रफीक हाजी दाऊद कुरैशी, यासीन चौहान, तेजपाल, महिपाल, अमित बड़वेवाला, लीलूराम तैनाण, इमरान एलमाण, अमीन खां नारीका, बशारत खां नारीका, साधुराम इंदलिया, सरपंच प्रत्याशी दारा सिंह डुंगराना, डाॅक्टर बलवान वर्मा, सुलेमान खां नारीका, नवाब खां भाईखानी, यूनानी चिकित्सालय प्रभारी डाॅक्टर शकील अहमद आदि मौजूद थे। जिन्होंने शिविर आयोजन में सहयोग किया। कार्यक्रम का संचालन डाॅक्टर अली शेर कायमखानी ने किया। रक्तदाताओं को संस्था द्वारा प्रमाण पत्र भी दिए गए। नवाब कायम ख़ान साहब के शहादत दिवस पर लोगों ने क़ुरआनख्वानी व फातिहाख्वानी कर दुआ ए मग्फिरत भी की।


चूरू : यहाँ कायमखानी वेलफेयर सोसाइटी चूरू द्वारा मदीना मुसाफिरखाना में फातिहाख्वानी और नवाब साहब के हक में दुआ कर खिराज ए अकीदत पेश की गई। वतन में सुख शांति और कोरोना जैसी महामारी से छुटकारे के लिए भी दुआ की गई तथा पौधारोपण भी किया गया। कायमखानी वेलफेयर सोसायटी द्वारा पिछले 10 सालों से इस दिन को बड़े जोशो खरोश के साथ मनाया जा रहा है। जिसमें पौधारोपण, रक्तदान शिविर, शीतल पानी की व्यवस्था, जरूरतमंद लोगों के लिए खाने पीने की व्यवस्था, हॉस्पिटल में मरीजों के लिए फल वितरित की व्यवस्था आदि की जाती रही हैं। इस कार्यक्रम में कौम के मौजूद सरदारों में हाजी शफी ख़ां, हाजी निज़ामुद्दीन खां, रमजान खां जोइया, मुंशी खां मतवान, नजीर खां मोयल, आमीन खां जोइया, मंगतू खान अखान, असलम खां मोयल, तौफ़ीक़ खान पार्षद, यूसुफ खां मतवान, करामात खां, यूनुस खान अध्यापक, फारूक खां अखान और तमाम कायमखानी वेलफेयर सोसायटी के सदस्य शामिल रहे।


चूरू में इस शहीद दिवस के अवसर पर इन्सानियत एकता टीम ने दुआ ए मग्फिरत कर पौधारोपण किया। साथ ही पक्षियों के लिए परिन्डे भी लगाए। टीम के करामत अली ने बताया कि यहाँ की नव ज्ञान ज्योति उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। जिसमें करीब 260 यूनिट ब्लड डोनेट कर युवाओं ने नवाब साहब को खिराज ए अकीदत पेश की।


चूरू के ही एक अन्य कार्यक्रम में नवाब कायम ख़ान साहब के लिए फातिहाख्वानी की गई और देश में अमन चैन व भाईचारे की दुआ मांगी गई। इस अवसर पर समाजसेवी मुश्ताक खान प्रदेश उपाध्यक्ष कांग्रेस पर्यावरण प्रकोष्ठ ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि हमारे दादा नवाब कायम ख़ान साहब जो कि कायमखानी क़ौम के प्रथम पुरुष थे, उन्होंने अपनी हुकूमत में आमजन के हितों का विशेष ध्यान रखा और उनके वंशज अन्य कायमखानी नवाबों ने भी जनहित के काफी कार्य किए।


जिला अल्पसंख्यक कार्यक्रम अधिकारी डाॅक्टर गफ्फार खान ने कहा कि हमें हमारे दादा नवाब कायम ख़ान साहब के आदर्शों को जिन्दा रखना चाहिए और यही उनके लिए हमारी सबसे बड़ी खिराज ए अक़ीदत होगी। इस अवसर पर जिला कलेक्ट्रेट के पास स्थित मजदूर वर्ग की झुग्गी झोंपड़ियों में रह रहे लोगों को फल व राशन किट भी वितरित किए गए। इस अवसर पर लियाकत अली रिटायर्ड प्रधानाचार्य, आसिफ टीपू खान, यूनस अली अध्यापक, तौफीक खान पार्षद, असलम खान दौलतखानी, अमज़द खान आदि गणमान्य लोग भी शरीक रहे।

झुन्झुनूं : यहाँ नवाब कायम ख़ान साहब की याद में विभिन्न संस्थाओं व संगठनों ने मिलकर थ्री डॉट्स चिल्ड्रन एकेडमी में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। जिसका शुभारंभ बीडीके अस्पताल के पीएमओ डाॅक्टर वी डी बाजिया, एवीवीएनएल (ओ एंड एम) एक्सईएन मुमताज अली, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अनीश खान, डॉक्टर जावेद खान और डॉक्टर नवीद खान ने किया। शिविर में झुन्झुनूं शहर और आसपास के कस्बों व गांवों के युवाओं ने बड़ी संख्या में रक्तदान किया। इस मौके पर एसीबी के एडिशनल एसपी इस्माईल खान और सीआईडी इंस्पेक्टर खालिद खान ने भी रक्तदान कर युवाओं का जोश बढ़ाया।


यहाँ कुल 101 यूनिट ब्लड डोनेट किया गया। जिसमें से बीडीके के ब्लड बैंक को 71 यूनिट और जेजेटी हॉस्पिटल व आरआर हॉस्पिटल ब्लड बैंक को 30 यूनिट ब्लड डोनेट किया गया। शिविर संयोजक इब्राहीम खान ने बताया कि साल भर में रेगुलर विभिन्न शिविर लगाए जाने हैं तथा प्रत्येक शिविर में केवल 100 यूनिट रक्तदान ही किया जाएगा, ताकि ब्लड बैंक में ब्लड की कमी भी ना हो और ब्लड के अनावश्यक वेस्टेज को भी रोका जा सके। आयोजक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बीडीके एवं जेजेटी हॉस्पिटल की मेडिकल टीम को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।


इस मौके पर तहसीन कुरैशी, अलाद्दीन खान खोखर, बरकत गहलोत, उमर कुरैशी, इम्तियाज भाटी, असलम लोहार, अय्यूब बड़गुजर, नईम इकबाल, यूनुस भाटी, मुराद खान, मुराद खान खोखर, उमेद खान गिडानिया, मजीद कुरैशी, इकराम भाटी, शब्बीर गहलोत, खादिम खोखर, जमील खान दरगाह, इरशाद फारूकी, सज्जाद खोखर, अताउर रहमान, इकबाल मलवान, इम्तियाज तगाला, एडवोकेट नबी खान, एडवोकेट नफीस खान, सज्जाद मलवान, असलम रंगरेज, यूनुस रंगरेज, वकील मुश्ताक खान, रफीक पहाड़ियान, उमर फारूक, अजीज खान प्रिंसिपल, दिलशाद फारूकी, आरिफ खान भारु, आलम शेर खान, थ्री डॉट्स के मोहम्मद आरिफ खान, करम ए इलाही, डॉक्टर आरिफ मिर्जा, वली खान भीमसर, अन्सार मुजतर, जाकिर अब्बासी, डॉक्टर जहांगीर, जाहिद सिद्दीकी वगैरह ने सहयोग किया। शिविर में मुस्लिम वेलफेयर फ्रंट, हेल्पिंग हैंड्स, कायमखानी यूथ ब्रिगेड, अल कुरैश वेलफेयर सोसाइटी, मेडिकल सर्विसेज सोसायटी, बिस्मिल्लाह फाउंडेशन, जमात ए इस्लामी हिन्द, शेखावाटी वेलफेयर सोसायटी, इंडो नेशनल वेलफेयर सोसायटी आदि संस्थाओं ने विशेष रूप से सहयोग किया।

यहाँ स्थित कायमखानी छात्रावास खेतड़ी महल में भी हमेशा की तरह दुआ ए मग्फिरत कार्यक्रम आयोजित किया गया और नवाब कायम ख़ान साहब को खिराज ए अकीदत पेश की गई। कार्यक्रम में कायमखानी महासभा के जिलाध्यक्ष उम्मेद खान गिडानिया, पूर्व सभापति खालिद हुसैन, असगर खान पहाड़ियान, एडवोकेट नफीस खान, सरपंच मुबारिक हेबत, हाॅस्टल संचालक इरशाद हुसैन, इकराम भाटी, पार्षद भंवर खान, लेक्चरर रफीक खान वगैरह शरीक हुए।


जयपुर : यहाँ कायमखानी गेस्ट हाउस में दुआ ए मग्फिरत की गई। जिसमें राजस्थान उर्दू शिक्षक संघ के अध्यक्ष अमीन कायमखानी, मुस्लिम प्रोग्रेसिव फेडरेशन के यासीन ख़ान जालूपुरा, महमूद खान महरामपुरा, सलीम ख़ान पुत्र जी ख़ान साहब, अमजद ख़ान कसनाऊ आदि शरीक हुए।


झोटवाड़ा में दादा नवाब कायम ख़ान साहब के यौम ए शहादत के मौके पर में भगासरा हाउस में पौधारोपण का कार्यक्रम रखा गया। जिसमें हाजी दाऊद खां, बबलू भगासरा, ग्रेटर नगर निगम के पार्षद शरीफ मनियार, मदीना जामा मस्जिद के सदर भंवरू खां सहित कुछ गणमान्य लोग मोजूद रहे। झोटवाड़ा में दूसरा पौधारोपण कार्यक्रम भी रखा गया। जिसमें सीताराम अग्रवाल, मंजू शर्मा, पार्षद नसरीन बानो, हिदायत खान धौलिया, कप्तान लियाक़त ख़ान, हाजी मक़सूद खान, अकबर खान, फारूख खान गनेड़ी, इलियास खान, डाॅक्टर सरवर ख़ान, हकीम ख़ान बोड़ीकोठी आदि शरीक हुए और पौधारोपण किया।


अजमेर : यहाँ कायमखानी महासभा के जिलाध्यक्ष सिकन्दर ख़ान कायमखानी, कायमखानी विकास संस्थान अजमेर के संरक्षक हाजी उस्मान गनी खान, अध्यक्ष असलम खान अलीपुरा, सचिव मनवर खान कायमखानी, महासचिव इस्लाम खान, हनीफ़ खान, अय्याज खान, नज़र खान, बशीर खान, गोरू खान, रहीम खान आदि कौम के मोअज्जिज सरदारों ने नवाब कायम ख़ान साहब के लिए क़ुरआनख्वानी कर दुआ ए मग्फिरत की और मुल्क की भलाई, अमन व तरक्क़ी के लिए भी खुदा से दुआ की।


बीकानेर : प्राप्त जानकारी के अनुसार यहाँ युवाओं के साथ महिलाओं ने भी रक्तदान किया और कुल 111 यूनिट रक्तदान कर नवाब कायम ख़ान साहब को खिराज ए अकीदत पेश की। यहाँ आयोजित ब्लड डोनेशन कैम्प में हौसला अफजाई के लिए देश की सुरक्षा करते हुए शहीद हुए नूआं (झुन्झुनूं) के शहीद इश्तियाक खान की वीरांगना रजिया बानो भी तशरीफ़ लाईं। कैम्प को कायमखानी महासभा के जिलाध्यक्ष भंवरू खान एवं अन्य बड़े बुजुर्गों के मार्गदर्शन में युवाओं ने सफल बनाया।


यहाँ सबसे पहले क़ुरआनख्वानी के साथ कुल कलाम पढ़कर दादा नवाब कायम ख़ान साहब को बख्शे गए। फिर देश की सुरक्षा करते हुए शहीद हुए सभी शहीदों को याद किया गया। सभी शहीद परिवारों की खुशियों के साथ में देश की खुशहाली और तरक्की की दुआएं की गई। गायों को चारा व गुड़ खिलाया गया और उनकी टंकियों में पानी डलवाया गया। साथ ही शाम को पौधारोपण का कार्यक्रम भी किया गया।

इस अवसर पर नवाब खान, अय्यूब क़ायमखानी, सलावत खान, नवाब खान धौलिया, इमरान क़ायमखानी, रमजान, मुबारक अली, जाकिर अली, अब्दुल सत्तार, इकबाल खान, शाहिद अली, नूरद्दीन अली, शकील खान, अय्यूब अली, सलीम अली, आरिफ खान, राजू खान, शाहबाज खान सहित कई युवाओं ने कैम्प को सफल बनाने में सहयोग किया।

जाजोद (सीकर) : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाजोद में दादा नवाब कायम ख़ान साहब के 602 वें शहादत दिवस पर कायमखानी क़ौम के नोजवानों ने 101 यूनिट रक्तदान किया। युवाओं ने बहुत ही जोश के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। राजस्थान कायमखानी महासभा के संयोजक कर्नल शौकत अली ख़ान के आह्वान पर आयोजित यह रक्तदान शिविर एक गांव में आयोजित हुआ और इस आयोजन से जाजोद गांव के नौजवानों ने तारीख़ रच दी।


इस अवसर पर कायमखानी यूथ ब्रिगेड की तरफ से राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वृक्षारोपण का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इब्राहीम खान मलकान ने इस अस्पताल में गार्डन विकसित करने की घोषणा की। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री आसिफ़ खान जाजोद, सरपंच प्रतिनिधि महावीर रणवा, ग्राम विकास समिति अध्यक्ष इब्राहीम खान मलकान, राधेश्याम मौर्य स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी, ज़हीर अब्बास, इलियास नूरखानी, डॉक्टर राजेन्द्र बाटड़, डाॅक्टर संदीप सोनी, मुबारिक अली पत्रकार (बोलता राजस्थान), शोएब खान, भंवरू खां सहित कायमखानी यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ता व गांव के कई नौजवान शरीक हुए।


जोधपुर : यहाँ स्थित महाराजा श्री उम्मेद कायमखानी छात्रावास में सय्यद आदम साहब की सरपरस्ती में क़ुरआनख्वानी की गई तथा छात्रावास परिसर में अनवर खान रिटायर्ड पीटीआई, हाॅस्टल कमेटी के सचिव भंवरू खान वकील और कोषाध्यक्ष उस्मान खान रिटायर्ड तहसीलदार के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया। जिसमें हाॅस्टल के सीनियर छात्र आवेश मोहम्मद खान एटीएस, शहादत खान व एडवोकेट सरवर खान गौराण सहित हाॅस्टल के अन्य छात्र शरीक हुए और सभी ने नवाब कायम ख़ान साहब के शहादत दिवस पर दुआ ए मग्फिरत की।

फतेहपुर : प्राप्त खबर के अनुसार यहाँ आयोजित रक्तदान शिविर में 227 युवाओं ने रक्तदान किया। यह ब्लड डोनेशन कैम्प फतेहपुर की कमांडो डिफ़ेंस एकेडेमी में आयोजित किया गया। साथ ही पौधारोपण भी किया गया और अगले एक माह में 602 नए पेड़ लगाने का निर्णय लिया गया। शिविर के संयोजक तैयब महराब खान ने बताया कि बेसवा से इमरान खान के नेतृत्व में बहुत से युवा आए तथा एम एस क़ायमखानी, बिलाल खान, शाहरुख़ मांडेला, इस्लाम खान ताखलसर आदि ने गांव गांव जाकर युवाओं को रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया। फ़तेहपुर विकास संस्थान के अध्यक्ष सज्जाद ख़ान ने सभी का स्वागत कर धन्यवाद दिया। रक्तदान शिविर के दौरान नायब तहसीलदार इमरान पठान, दिलीप कुल्हरी बीसीएमओ, सीआई उदय सिंह भी तशरीफ़ लाए।


डीडवाना : यहाँ सबसे अधिक करीब 1250 यूनिट ब्लड डोनेट कर युवाओं ने नवाब कायम ख़ान साहब को खिराज ए अकीदत पेश की। यहाँ जबरदस्त उत्साह देखा गया। आस पास के गांवों से बड़ी संख्या में युवा रक्तदान करने आए और महिलाएं भी। यहाँ महिलाओं व युवतियों ने 25 से ज्यादा यूनिट ब्लड डोनेट किया। ख़ास बात यह रही कि 60 के दशक में पहुंच चुके वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन सलावत ख़ान ने भी यहाँ ब्लड डोनेट किया। इससे आप इस शिविर की सफलता और लोगों के ज़ज्बे का अन्दाज़ा लगा सकते हैं। शिविर में युवाओं की हौसला अफजाई करने के लिए पूर्व मन्त्री यूनुस खान भी शरीक हुए।


हनुमानगढ : यहाँ कायमखानी महासभा के जिलाध्यक्ष एडवोकेट जाकिर ख़ान के नेतृत्व में ब्लड डोनेशन कैम्प आयोजित किया गया। ब्लड डोनेशन कैम्प हनुमानगढ टाउन स्थित जिला अस्पताल में आयोजित किया गया। जिसमें 31 युवाओं ने ब्लड डोनेट किया। इससे पहले कब्रिस्तान में पौधारोपण और दुआ ए मग्फिरत का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस मौके पर एडवोकेट शफी मोहम्मद, मोहम्मद इस्हाक, मोहम्मद हनीफ़, यूनुस खान, ताज मोहम्मद, रफीक फतेहखानी आदि शरीक रहे।


डूमरा (झुन्झुनूं)। यहाँ की जोड़ी (जंगल) में स्थित शहीद नवाब अमानुल्लाह ख़ान साहब की मज़ार पर नवलड़ी और चेलासी के कायमखानी सरदारों ने पहुंचकर शहीद नवाब कायम ख़ान साहब और शहीद नवाब अमानुल्लाह ख़ान साहब को खिराज ए अकीदत पेश की।


टोंक : यहाँ कायमखानी क़ौम के मोअज्जिज लोगों ने क़ुरआनख्वानी व दुआ ए मग्फिरत कर नवाब कायम ख़ान साहब को खिराज ए अकीदत पेश की।


***********************************
कौन थे नवाब कायम ख़ान साहब और कौन है कायमखानी क़ौम ?
-------------------------------------------------------
कायमखानी क़ौम के प्रथम पुरुष वली सिफ्त इन्सान नवाब कायम ख़ान साहब तत्कालीन हिसार हांसी रियासत के नवाब और बादशाह फिरोज शाह तुगलक साहब के प्रधान वजीर (प्रधानमंत्री) और सेनापति थे। दादा साहेब नवाब कायम ख़ान साहब हांसी पीर साहब (ख़ानक़ाह चार कुतुब) के मुरीद थे। उन पर हिसार रियासत के तत्कालीन गवर्नर सय्यद नासिर शाह साहब की खास मेहरबानी थी। सय्यद नासिर शाह साहब ने उनको अपने बच्चे की तरह रखा और परवरिश की और फिर खुद की रियासत हिसार भी उन्हीं को सौंप दी थी।

सय्यद नासिर शाह साहब बहुत बड़ी बुजुर्ग और वली सिफ्त शख्सियत के मालिक थे और वे दादा कायम खान साहब से बेहद मुहब्बत करते थे। उन्हीं की सरपरस्ती और तरबीयत में नौजवान कर्म सिंह उर्फ कर्म चन्द चौहान (पुत्र मोटे राव जी उर्फ मोटे राय जी चौहान शासक ददरेवा रियासत तथा वंशज प्रतापी राजा पृथ्वीराज जी चौहान और गोगा जी चौहान) ने इस्लाम क़ुबूल किया था। इनके साथ दो भाइयों नवाब जैनुद्दीन खान साहब और नवाब जबरूद्दीन खान साहब ने भी इस्लाम क़ुबूल किया था। नवाब कायम ख़ान साहब के नाम पर कायमखानी क़ौम की उत्पत्ति हुई है और इन तीनों भाइयों की औलाद को कायमखानी कहा जाता है।

कायमखानी क़ौम पर सय्यद नासिर शाह साहब का बहुत बड़ा एहसान और करम है, इसलिए जब भी कायमखानी क़ौम नवाब कायम ख़ान साहब को याद करती है, तो सय्यद नासिर शाह साहब को भी उसी अदबो एहतराम के साथ याद करती है। जिस अदबो एहतराम से नवाब कायम ख़ान साहब ने सय्यद खानदान (पैगम्बर ए इस्लाम हज़रत मुहम्मद सल्ललाहु अलैहि वसल्लम की औलाद) का अदबो एहतराम करना अपने भाइयों व औलाद को सिखाया था।

एक वक्त ऐसा भी आया था, जब दहली (दिल्ली) सलतनत पूरी तरह से अस्थिर हो गई थी और देश की केन्द्रीय सत्ता व्यवस्था बिखर गई थी, तब दहली सलतनत के सभी दरबारियों और रजवाड़ों ने नवाब कायम ख़ान साहब को शहंशाह ए हिन्द (भारत का केन्द्रीय शासक) बनाने का ऑफर किया, लेकिन यह ऑफर उन्होंने देश की एकता व अखंडता के लिए ठुकरा दिया था।

नवाब कायम ख़ान साहब, नवाब जैनुद्दीन खान साहब और नवाब जबरूद्दीन खान साहब इन तीनों भाइयों के खानदान में कई नवाब और रजवाड़े हुए हैं। जिन्होंने विभिन्न रियासतों और इलाकों जैसे हिसार, फतेहाबाद, रेवाड़ी, चरखी दादरी, झुन्झुनूं, फतेहपुर, केड, डोसी, बड़वासी, सत्तावनी (डीडवाना इलाका) आदि पर शासन किया है। नवाब कायम ख़ान साहब के शहादत दिवस 14 जून को कायमखानी क़ौम नवाब कायम खान डे के तौर पर हर साल मनाती है।

कायमखानी क़ौम के 200 से अधिक वीर सैनिक विभिन्न युद्धों और सैन्य ऑपरेशनों में देश की रक्षा करते हुए शहीद हो चुके हैं। छह कायमखानी सैनिकों को भारत सरकार ने वीर चक्र और दो को शौर्य चक्र जैसे सैन्य सम्मान से सम्मानित भी किया है। कई कायमखानी सैनिकों को अन्य सैन्य मेडल भी मिले हैं। जहाँ तक शहीद सैनिकों और वीर चक्र प्राप्त सैनिकों की बात की जाए, तो कायमखानी क़ौम के सैनिक अपनी आबादी के औसत से अधिक संख्या में शहीद हुए हैं और अन्य क़ौमों के औसत से अधिक कायमखानी क़ौम के पास वीर चक्र हैं। कायमखानी क़ौम गंगा जमुनी तहजीब की पैरोकार, ईमानदार, वफादार और वतन प्रेमी मानी जाती है। 
(19-06-2021)
---------------------------------------------------
➡️अगर आपको हमारा यह लेख/खबर पसंद आया हो, तो प्लीज इसे शेयर/फॉरवर्ड कीजिए और साथ ही हमारे अखबार की आर्थिक मदद भी कीजिए।
अकाउंट डिटेल्स:- इकरा पत्रिका
A/c no. 613900 55000 00252
IKRA PATRIKA
IFSC:- PUNB 0613900
PNB, MUSLIM SR. SEC. SCHOOL, MOTI DUNGARI ROAD, JAIPUR.
-----------------------------------------------------
➡️इकरा पत्रिका को सहयोग राशि आप Paytm, Phone Pay और Google Pay से भी भेज सकते हैं। फोन नम्बर 9414361522 पर (अकाउंट Farooq Ali Khan)
------------------------------------------------------
©️ Copyright :- इस सम्पूर्ण लेख/खबर को या इसके किसी पैराग्राफ़ को हुबहू या तोड़ मरोड़ कर प्रकाशित करना मना है। अलबत्ता आप चाहें तो लेखक और हमारे अखबार के नाम के साथ इस सम्पूर्ण लेख/खबर को सोशल मीडिया पर शेयर जरूर कर सकते हैं।
------------------------------------------------------
-@-एम फारूक़ ख़ान सम्पादक इकरा पत्रिका।
09602992087, 09414361522

©️ Copyright Thar News & Ikra Patrika.
All Rights Reserved.

Comments

Popular posts from this blog

झुंझुनूं में रीटा चौधरी को कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनाने पर जबरदस्त रोष

चित्तौड़गढ़ अन्जुमन स्कूल में किया मुस्लिम शिक्षकों का सम्मान

कुरैशी समाज की नो दहेज, नो गार्डन, नो डिनर मुहिम के तहत सादगी से हुई शादी