प्रधान जी इस्लाम खां मेघरास की पहली यौम ए वफ़ात पर ब्लड डोनेशन कैम्प और सम्मान समारोह 24 सितम्बर को

प्रधान जी इस्लाम खां मेघरास की पहली यौम ए वफ़ात पर ब्लड डोनेशन कैम्प और सम्मान समारोह 24 सितम्बर को
-------------------------------------------------------
कई राजनेताओं और समाजसेवियों को किया है आमन्त्रित
--------------------------------------------------------
"बोल सको तो मीठा बोलो, कटु बोलना मत सीखो।
लगा सको तो बाग लगाओ, आग लगाना मत सीखो।।"
***********************************
मेघरास (थार न्यूज़-इकरा पत्रिका)। भीलवाड़ा जिले का मेघरास गांव जिसकी पहचान प्रधान जी इस्लाम खां जी कायमखानी थे, जो 24 सितम्बर 2020 को इस दुनिया से चले गए थे। वे मेवाड़ इलाके में कायमखानी क़ौम के मजबूत स्तम्भ थे, जिनका सभी क़ौमों में अच्छा खासा रसूख था। वे एक सेवाभावी और मिलनसार शख्स थे, जिन्होंने क़ौमी खिदमत में कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उनकी पहली यौम ए वफ़ात 24 सितम्बर 2021 को उनके गांव मेघरास में ब्लड डोनेशन कैम्प और सम्मान समारोह आयोजित कर उनको खिराज ए अकीदत पेश की जाएगी।


उनके बड़े साहबजादे और युवा राजस्थान कायमखानी महासभा भीलवाड़ा के जिलाध्यक्ष ताज मोहम्मद खान ने बताया कि यह ब्लड डोनेशन कैम्प और सम्मान समारोह राजस्थान कायमखानी महासभा, कायमखानी वेलफेयर ट्रस्ट जयपुर और मेघरास ग्रामवासियों द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में भीलवाड़ा जिले के सभी विधायकों, पूर्व विधायकों, सांसद, पूर्व मन्त्रियों एवं अन्य राजनेताओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया है। जिनमें विधानसभा के पूर्व स्पीकर एवं शाहपुरा विधायक कैलाश मेघवाल, माण्डल विधायक रामलाल जाट, गंगापुर विधायक श्रीमती गायत्री त्रिवेदी, आसींद विधायक जब्बर सिंह सांखला, जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल, भीलवाड़ा विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी, भीलवाड़ा सांसद सुभाष बहेड़िया, बनेड़ा राजाधिराज गोपाल चरण सिंह, पराक्रम सिंह पूर्व विधायक बनेड़ा, फतेहपुर विधायक हाकम अली खान, पूर्व मन्त्री यूनुस खान, वक्फ बोर्ड चेयरमैन डाॅक्टर खानू ख़ान बुधवाली, भंवर खान पूर्व चेयरमैन सीसीबी भीलवाड़ा, बनेड़ा प्रधान शिव सिंह, कोटड़ी प्रधान करण सिंह , मेवाड़ कायमखानी विकास सेवा संस्थान के अध्यक्ष सलीम खान कोठाज, कायमखानी युवा सेवा संस्थान के अध्यक्ष हमीद खान पार्षद, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा भीलवाड़ा जिलाध्यक्ष इमरान कायमखानी आदि प्रमुख हैं। 

इनके अलावा राजस्थान कायमखानी महासभा के संयोजक कर्नल शौकत अली ख़ान, राजस्थान कायमखानी महासभा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष उम्मेद खान डीडवाना, कायमखानी शोध संस्थान जोधपुर के संस्थापक अध्यक्ष हाजी रणजीत खान जोधपुर, कॉमरेड उस्मान खान पूर्व प्रधान धोद, लाल मोहम्मद खान पूर्व प्रधान रायपुर, सलीम खान सरपंच रेहड़, के के इंटरनेशनल के निदेशक हाजी गुलाम मोहम्मद खान बेसवा, राजस्थान कायमखानी महासभा अजमेर के जिलाध्यक्ष सिकन्दर खान, झुन्झुनूं जिलाध्यक्ष उम्मेद खान गिडानिया, चूरू जिलाध्यक्ष मुन्शी खान एवं भीलवाड़ा व शाहपुरा नगर निकाय संस्थाओं के पार्षदगणों सहित भीलवाड़ा जिले में अन्य जिलों के पदस्थापित कायमखानी अधिकारियों/कर्मचारियों के अलावा और भी कई समाजसेवियों को आमंत्रित किया गया है।

कार्यक्रम के बारे में राजस्थान कायमखानी महासभा भीलवाड़ा के संरक्षक हाजी उस्मान गनी खां, कायमखानी वेलफेयर ट्रस्ट जयपुर के जनरल सेक्रेटरी मोहम्मद खान चित्तौड़गढ़, महासभा के जिलाध्यक्ष सांवत खान पूर्व सरपंच बेसकलाई, महासभा के जिला संयोजक अहमद नूर खान ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रधान जी के मेघरास स्थित फार्म हाउस में सुबह 9 बजे से आयोजित किया जाएगा। जिसमें ब्लड डोनेशन के अलावा विभिन्न प्रतिभाओं और कोरोना वाॅरियर्स को भी सम्मानित किया जाएगा। दोपहर दो बजे तक ब्लड डोनेशन कैम्प और उसके बाद सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रतिभा एवं कोरोना वाॅरियर्स के इस सम्मान समारोह में राज्य स्तरीय/राष्ट्रीय स्तरीय खेल-कूद एवं अन्य प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के अलावा 01जनवरी 2018 के बाद राज्य एवं केंद्र सरकार सहित राजकीय उपक्रमों में सीधी भर्ती अथवा नियमित भर्ती के तहत नियुक्ति पाने वाले युवक/युवतियों तथा कोरोना महामारी में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, होमगार्ड्स विभाग, शिक्षा विभाग, स्वायत्त शासन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि विभाग तथा अन्य किसी भी राजकीय सेवा अथवा स्वयंसेवी संस्थाओं में कोरोना वाॅरियर्स की भूमिका निभाने वाले मेवाड़ इलाके की कायमखानी कौम के करीब 350 सरदारों/बहनों को सम्मानित किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि इस्लाम खां जी ग्राम पंचायत मेघरास के सरपंच रहे हैं और बरसों तक इस ग्राम पंचायत में सरपंच इन्हीं के परिवार का सदस्य रहा है। वे दो बार सरपंच, एक बार बनेड़ा पंचायत समिति के उप प्रधान एवं कार्यवाहक प्रधान भी रहे हैं। वे राजस्थान युवा कायमखानी महासभा के प्रदेशाध्यक्ष भी रहे हैं। साथ ही कायमखानी वेलफेयर ट्रस्ट जयपुर के ट्रस्टी, राजस्थान कायमखानी शोध संस्थान जोधपुर के संस्थापक सदस्य और राजस्थान कायमखानी महासभा के संरक्षक सदस्य भी रहे हैं। इसके अलावा वे कायमखानी काॅर्डिनेशन सेवा संस्थान भीलवाड़ा के संस्थापक अध्यक्ष भी रहे हैं। 

इसी कायमखानी काॅर्डिनेशन सेवा संस्थान भीलवाड़ा ने कायमखानी क़ौम में सामूहिक विवाह सम्मेलन करने की शुरुआत की थी। प्रधान जी के नेतृत्व में उनकी टीम ने सात सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किए और कई अन्य छोटे बड़े सामाजिक व शैक्षणिक प्रोग्राम भी किए हैं। यह सामूहिक विवाह सम्मेलन दो वर्ष के अन्तराल पर आयोजित किए जाते थे, जिनमें काफी संख्या में अमीर व ग़रीब हर कायमखानी परिवार ने अपने बच्चे बच्चियों की शादी की है। 

इस्लाम खां जी ने भीलवाड़ा जिले के कायमखानी सरदारों को साथ लेकर करीब एक दशक पहले 2006 में सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करने के लिए कायमखानी काॅर्डिनेशन सेवा संस्थान भीलवाड़ा की स्थापना की थी। इस संस्थान ने 23 अप्रेल 2017 को सातवाँ ऐतिहासिक सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया था। शाहपुरा में आयोजित यह सम्मेलन एक आलीशान रिसोर्ट मणीयार काॅटेज होटल एण्ड रिसोर्ट में आयोजित किया गया था। जिसमें मुख्य अतिथि तत्कालीन कैबिनेट मंत्री यूनुस खान थे। इस सम्मेलन में कौम के प्रतिष्ठित समाजसेवी मोहम्मद खां चित्तौड़गढ़ और डीवायएसपी महमूद खां के पुत्रों की भी शादी हुई थी। 

प्रधान जी पूरे प्रदेश में कायमखानी क़ौम के हर छोटे बड़े प्रोग्राम में शरीक होते थे। वे हमेशा अपने भाषण में एक दोहा या शेअर बोलते थे, "बोल सको तो मीठा बोलो, कटु बोलना मत सीखो। लगा सको तो बाग लगाओ, आग लगाना मत सीखो।" यह पंक्तियां उन्होंने आखरी बार अपने इन्तकाल से 20 दिन पहले जयपुर स्थित कायमखानी गेस्ट हाउस में राजस्थान कायमखानी महासभा के पूर्व संयोजक जी ख़ान साहब की दुआ ए मग्फिरत की बैठक में बोली थी। वे इन पंक्तियों को पूरी तरह से अपनी जिन्दगी में ढाले हुए थे। वे कभी किसी से तोड़ कर नहीं रखते थे, बल्कि हर मीठी और कड़वी बात को हंस कर टाल देते थे। इस्लाम खां जी 58 साल पहले शकरू खां जी हाथीखानी के घर पैदा हुए थे। 

शकरू खां जी मेवाड़ इलाके के एक प्रतिष्ठित समाजसेवी व राजनेता रहे हैं। वे 1956 में पहली बार गांव मेघरास के सरपंच बने और छह बार सरपंच रहे। इस्लाम खां जी की मां अशरफ बाई हुसैनखानी भी सरपंच रही हैं। जिनका का 7 जनवरी 2018 को करीब 97 साल की उम्र में इन्तकाल हो गया था। शकरू खां जी का अपने इलाके की सभी कौमों में बड़ा मान सम्मान था, वे सभी कौमों में लोकप्रिय थे, क्योंकि वे सभी कौमों के सुख दुःख में शरीक रहते थे तथा वे गंगा जमुनी तहजीब के एक मजबूत पैरोकार थे। यही कारण था कि उन्हें कई वर्षों तक सरपंच बनने का पंचायतवासियों ने अवसर प्रदान किया। उनकी इसी प्रतिष्ठा के कारण उनके बड़े पुत्र याकूब खां भी मेघरास के सरपंच रहे हैं।

शकरू खां जी की प्रतिष्ठा और मिलनसारिता के कारण इस परिवार को पूरे इलाके में सम्मान की नजर से देखा जाता है तथा इसी वजह से इनकी पुत्रवधु और इस्लाम खां जी की पत्नी भंवर बानो को भी सभी कौमों के सहयोग व समर्थन से एक बार अपनी ग्राम पंचायत का सरपंच और एक बार पंचायत समिति सदस्य (ब्लाॅक मेम्बर) बनने का अवसर मिला था। इनके अलावा एक पोत्र वधु शबनम बानो पत्नी ताज मोहम्मद खान को भी पंचायत समिति सदस्य बनने का मौका मिला था। कुल मिलाकर यह है कि इस परिवार के तीन पुरूषों एवं तीन महिलाओं को क्षेत्र की सेवा करने के लिए जन प्रतिनिधि बनने का मौका जनता ने दिया है। 

शकरू खां जी को उनकी ईमानदार, समाजसेवी और इन्साफ पसंद छवि के कारण कायमखानी कौम ने राजस्थान कायमखानी महासभा का अध्यक्ष बनाया। उल्लेखनीय यह भी है कि शकरू खां जी जब राजस्थान कायमखानी महासभा के अध्यक्ष थे, तब उनके जनरल सेक्रेटरी कौम के प्रतिष्ठित सरदार डीडवाना के हैडमास्टर भंवरू खां जी गौराण थे, जो पूरी कौम में हैडमास्टर साहब के नाम से आज भी मशहूर हैं। इस टीम में कोषाध्यक्ष उम्मेद खां जी डीडवाना थे, जो बाद में महासभा के अध्यक्ष भी बने। इस पूरी टीम ने कम संसाधन होते हुए भी प्रदेश भर में कायमखानी इलाकों का दौरा किया और कौम में सामाजिक, शैक्षणिक, राजनीतिक और आर्थिक जागरूकता फैलाने में भरपूर कामयाबी हासिल की। 

शकरू खां जी आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी पहचान व काम को उनके पुत्र इस्लाम खां जी ने पूरे इलाके में जिन्दा कर रखा था। जो गत वर्ष छोटी सी उम्र में चले गए। उनकी कमी कायमखानी क़ौम के लिए भारी नुकसान है। खुदा से दुआ है कि वो इस्लाम खां जी की कमी को पूरा करे और मेवाड़ इलाके में उनका बदल पैदा करे। इस्लाम खां जी के तीन पुत्र ताज मोहम्मद खान, फय्याज खान और डाॅक्टर रियाज खान हैं। (23-09-2021)
------------------------------------------------
-@-एम फारूक़ ख़ान सम्पादक इकरा पत्रिका।
09602992087, 09414361522

Comments

Popular posts from this blog

झुंझुनूं में रीटा चौधरी को कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनाने पर जबरदस्त रोष

चित्तौड़गढ़ अन्जुमन स्कूल में किया मुस्लिम शिक्षकों का सम्मान

कुरैशी समाज की नो दहेज, नो गार्डन, नो डिनर मुहिम के तहत सादगी से हुई शादी