ख्वाज़ा ग़रीब नवाज़ और उनका मिशन
ख्वाज़ा ग़रीब नवाज़ और उनका मिशन
------------------------------------------------
क्या हम उस मिशन को आगे बढ़ा रहे हैं ?
******************************
(एम फ़ारूक़ ख़ान)
हमारे प्रदेश राजस्थान का अजमेर शहर जो न सिर्फ पूरे देश में बल्कि पूरे विश्व में मशहूर है। इस शहर की प्रसिद्धि की सबसे बड़ी वजह या कहें कि सिर्फ एक ही वजह है, वो हैं ख्वाज़ा गरीब नवाज़। इस लेख में मैं ख्वाज़ा साहब का जीवन परिचय बताने की बजाए उनके मिशन पर प्रकाश डालने की कोशिश कर रहा हूं, जो उम्मीद है पाठकों को पसन्द आएगा।
हजरत ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती गरीब नवाज रहमतुल्लाह अलैह हमारे मुल्क में उस जमाने में आए थे, जब यहां शासक वर्ग और रसूखदार जनता पर जमकर अत्याचार करते थे। देश की केन्द्रीय शक्ति और शासन व्यवस्था एक तरह से तहस-नहस थी। छोटे-मोटे असंख्य राजा-रजवाड़ों ने मुल्क को टुकड़ों में बांटकर अपनी जागीर और रियासत बना रखा था। यह राजा-रजवाड़े हर छोटी मोटी बात पर एक-दूसरे को नीचा दिखाने के लिए आपस में लड़ते-भिड़ते रहते थे। देश की जनता विभिन्न प्रकार के अत्याचारों की चक्की में पिसी जा रही थी। इन्सानियत सिसक-सिसक कर दम तोड़ रही थी। इन्सान-इन्सान में इतना भेद था कि एक इन्सान दूसरे इन्सान को शूद्र यानी अछूत समझकर ऊपर से पानी पिलाता था।
तब देश की राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक व्यवस्था पर कुछ तबकों का खानदानी कब्जा था। दलितों, आदिवासियों और पिछड़े तबकों को किसी किस्म का कोई अधिकार नहीं था। वे सिर्फ ऊंचे तबके यानी उच्च वर्ग के लोगों की सेवा करते थे और उन्हीं के रहमो करम पर अपनी जिन्दगी गुजारते थे। इन्सान, इन्सान में इतना फर्क समझा जाता था कि निचले तबके के एक इन्सान की परछाई भी अगर ऊंचे तबके के इन्सान पर पड़ जाती तो वो अपने आपको अपवित्र मानने लग जाता और इस मुद्दे पर निचले तबके वाले इन्सान को सजा दी जाती थी। कहने का मतलब यह है कि हमारे मुल्क में इन्सानियत पूरी तरह धार्मिक आडम्बरों और कर्मकाण्डों के शोषण से त्राहि-त्राहि कर रही थी। ऐसे माहौल के बीच हमारे मुल्क में ख्वाजा साहब तशरीफ लाए थे।
ख्वाजा गरीब नवाज एक बेहतरीन इस्लामिक स्कॉलर और सूफी सन्त थे। उन्होंने ईश्वर के आखरी पैगम्बर हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की पवित्र जिन्दगी को पूरी तरह से अपनी जिन्दगी में उतार रखा था। उन्होंने आखरी पैगम्बर के एक-एक हुक्म को इन्सानों तक फैलाने के लिए अपनी पूरी जिन्दगी इन्सानियत के नाम समर्पित कर दी थी। ख्वाजा साहब हमारे मुल्क के रहने वाले नहीं थे, यहां की भाषा भी नहीं जानते थे। फिर भी उन्होंने इन्सानियत का पैगाम फैलाने के लिए इस मुल्क को अपना मुल्क बना लिया। ख्वाजा साहब इन्सानियत के मसीहा बनकर हमारे मुल्क में आए। वे एक मिशन लेकर यहां आए थे और वो मिशन था अमन, भाईचारा, समाजी बराबरी और एक खुशहाल व शान्त समाज का निर्माण करना।
ख्वाजा साहब ने यहां रोती-बिलखती इन्सानियत के आंसू पौंछे। शोषण व भेदभाव के शिकार लोगों को धार्मिक आडम्बर और कर्मकाण्डों से निजात दिलवाकर सम्मानजनक जीवन प्रदान किया। उन्होंने शोषित-पीड़ित इन्सानों को गले लगाया और यही वजह थी कि लाखों भारतीय उनके मिशन से जुड़ गए। ख्वाजा साहब ने अपने मिशन को कामयाब करने के लिए कभी भी किसी भी किस्म का हिंसक रास्ता इख़्तियार नहीं किया।
उन्होंने अमन व भाईचारे वाले इस्लाम के असली पैगाम को फैलाकर लोगों का दिल जीता। ख्वाजा साहब जब अजमेर आए थे तो यहां मशहूर और प्रतापी शासक पृथ्वीराज चौहान का शासन था। ख्वाजा साहब ने उनसे किसी किस्म की अपनी तरफ से कोई जंग नहीं की। पृथ्वीराज चौहान ने ख्वाजा साहब की रूहानी ताकत और मिशन के आगे एक तरह से अपने आपको सरेन्डर कर दिया था। उन्होंने ख्वाजा साहब के सम्मान में अजमेर खाली कर दिया और दिल्ली में अपनी शासन व्यवस्था कायम कर ली। इस वाकिये से अन्दाजा लगाया जा सकता है कि इन्सानियत के मसीहा ख्वाजा साहब का मिशन और पवित्र जीवन कितना महान था कि बड़े से बड़े राजा ने भी उन्हें अपना रूहानी पेशवा मान लिया था।
इसीलिए आज पूरी दुनिया ख्वाजा साहब को सुल्तानुल हिन्द यानी हिन्दुस्तान का सुलतान (भारतीय उप महाद्वीप का सुलतान) कहती है। जो लोग कहते हैं कि इस्लाम तलवार के जोर पर फैला है, उनसे मेरी दरखास्त है कि वो ख्वाजा साहब जैसे सूफी सन्तों का जीवन पढ़ें, तो पता चलेगा कि इस्लाम मुस्लिम बादशाहों और शासनकर्ताओं के जरिए नहीं बल्कि ख्वाजा साहब जैसे महान सूफी सन्तों (बुजुर्गान ए दीन) की इन्सानी खिदमत व रूहानी जिन्दगी से फैला है। यही वजह है कि आज लोग मुस्लिम बादशाहों की कब्र पर इतनी तादाद में नहीं जाते हैं, जितनी तादाद में ख्वाजा साहब की चौखट पर आते हैं।
हर साल लाखों लोग ख्वाजा के दरबार में हाजरी लगाते हैं। हमारे देश के ही नहीं बल्कि दूसरे देशों के भी शासनकर्ता यहां ख्वाजा के दरबार में फकीर बनकर अपनी झोली फैलाते हैं और अमन, भाईचारे व खुशहाली की दुआ करते हैं। लेकिन इस सब के बावजूद आज ख्वाजा साहब के मिशन का असली पैगाम उस तेजी और जोश के साथ नहीं फैलाया जा रहा है, जैसे इसे फैलाना चाहिए। यह तब है जब ख्वाजा साहब को चाहने वाले करोड़ों लोग दुनिया के कोने-कोने में फैले हुए हैं। आइये, आज हम ख्वाजा साहब के उर्स मुबारक के मौके पर इस बात का अहद (संकल्प) करें कि हम ख्वाजा साहब के असली मिशन को फैलाने के लिए हर मुमकिन कोशिश करेंगे। हम हर इन्सान को इन्सान समझेंगे। किसी भी इन्सान से किसी किस्म का कोई भेदभाव नहीं करेंगे। सबके दुःख-दर्द को अपना दुःख दर्द समझेंगे। हर शोषित, पीड़ित व जरूरतमंद इन्सान को गले लगाएंगे। हम पूरी दुनिया से भेदभाव, नफरत व हिंसा को खत्म करने के लिए बराबरी, अमन व भाईचारे के पैगाम को अपने दिल में उतारकर दूसरों तक फैलाएंगे।
(07-02-2022)
---------------------------------------------------
➡️अगर आपको हमारा यह लेख/खबर पसंद आया हो, तो प्लीज इसे शेयर/फॉरवर्ड कीजिए और साथ ही हमारे अखबार की आर्थिक मदद भी कीजिए।
अकाउंट डिटेल्स:- इकरा पत्रिका
A/c no. 613900 55000 00252
IKRA PATRIKA
IFSC:- PUNB 0613900
PNB, MUSLIM SR. SEC. SCHOOL, MOTI DUNGARI ROAD, JAIPUR.
-----------------------------------------------------
➡️इकरा पत्रिका को सहयोग राशि आप Paytm, Phone Pay और Google Pay से भी भेज सकते हैं। फोन नम्बर 9414361522 पर (अकाउंट Farooq Ali Khan)
------------------------------------------------------
©️ Copyright :- इस सम्पूर्ण लेख/खबर को या इसके किसी पैराग्राफ़ को हुबहू या तोड़ मरोड़ कर प्रकाशित करना मना है। अलबत्ता आप चाहें तो लेखक और हमारे अखबार के नाम के साथ इस सम्पूर्ण लेख/खबर को सोशल मीडिया पर शेयर जरूर कर सकते हैं।
------------------------------------------------------
-@-एम फारूक़ ख़ान सम्पादक इकरा पत्रिका।
09602992087, 09414361522
©️ Copyright Thar News & Ikra Patrika.
All Rights Reserved.
.jpeg)

बेहतरीन लेख। वर्तमान में ख्वाजा साहब की शख्सियत के बारे में जानकारी देना मौजूदा हालात में बेहद जरूरी है। आपकी कोशिश को सलाम।
ReplyDelete