क्या गहलोत राज में सवाल करना अपराध हो गया है ?

क्या गहलोत राज में सवाल करना अपराध हो गया है ?
--------------------------------------
अमीन कायमखानी के निलम्बन के विरोध में जयपुर सहित कई जगह हुआ विरोध प्रदर्शन, उर्दू से मुहब्बत करने वालों में जबरदस्त रोष
-------------------------------------
उर्दू तालीम से जुड़े हुए संगठनों और मुस्लिम तन्जीमों ने बड़े ही रोष में विरोध प्रदर्शन कर गहलोत सरकार को कड़ी चेतावनी देते हुए शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की
*************************
जयपुर (थार न्यूज़-इक़रा पत्रिका)। राजस्थान उर्दू शिक्षक संघ के अध्यक्ष अमीन कायमखानी के निलम्बन और जयपुर से क़रीब 600 किलोमीटर दूर बांसवाड़ा में ट्रांसफर करने के विरोध में उर्दू से मुहब्बत करने वालों ने कड़ा रोष व्यक्त किया है। इसके लिए 6 सितंबर को जयपुर के रामनिवास बाग स्थित अल्बर्ट हॉल के सामने विरोध प्रदर्शन शुरू किया गया। जिसके बाद पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देने शुरू हो ग‌ए। 

उल्लेखनीय है कि 5 सितंबर को शिक्षक दिवस पर बिड़ला ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय सम्मेलन में शिक्षा मंत्री डाॅक्टर बीडी कल्ला के भाषण के दौरान वहां उपस्थित अमीन कायमखानी ने मुख्यमंत्री द्वारा उर्दू तालीम के सम्बन्ध में की गई बजट घोषणाओं का क्रियान्वयन नहीं होने का मुद्दा ज्यों ही उठाया तो वहां मौजूदा कुछ कांग्रेसी नेताओं ने अमीन कायमखानी के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उनकी टांगाटोली कर हाॅल से धकेलते हुए उन्हें बाहर निकाल दिया और अगले दिन उनको सस्पेंड कर दिया। इस व्यवहार को उर्दू से मुहब्बत करने वालों ने अमीन कायमखानी और उर्दू तालीम पर गहलोत सरकार का हमला माना है।


ज्यों ही यह मामला हुआ और सोशल मीडिया पर इसके वीडियो वायरल हुए तो लोगों में जबरदस्त रोष व्याप्त हुआ तथा उन्होंने कांग्रेस की गहलोत सरकार को जमकर खरी खोटी सुनानी शुरू कर दी।‌ इसी कड़ी में सर्व प्रथम 6 सितंबर की शाम 5 बजे अल्बर्ट हॉल पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। जिसमें जयपुर शहर के करीब करीब सभी मुस्लिम संगठन और उर्दू तालीम व मदरसा तालीम से जुड़े हुए संगठन मौजूदा रहे। इसके बाद पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।


अल्बर्ट हॉल पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, शिक्षा मन्त्री बीडी कल्ला और पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।  वहां शिक्षा मन्त्री बीडी कल्ला के पोस्टर जलाए गए। प्रदर्शनकारियों ने गहलोत सरकार को जमकर खरी खोटी सुनाते हुए चेतावनी दी कि अगर आमीन कायमखानी के निलम्बन को शीघ्रता से रद्द कर उन्हें उसी स्कूल में नहीं भेजा, जहां वे पहले पढ़ाते थे, तो उर्दू से मुहब्बत करने वाले लोग गहलोत सरकार और कांग्रेस पार्टी का पूरी तरह से बहिष्कार करेंगे तथा सरकार और कांग्रेस पार्टी के हर कार्यक्रम का विरोध करेंगे।

वक्ताओं ने यह भी कहा कि अमीन कायमखानी बच्चों के हित के लिए बरसों से संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने ऐसा कोई ग़लत काम नहीं किया कि उन्हें सजा दी जाए। उन्होंने स्कूलों में उर्दू टीचर और किताबों की ही तो मांग की है, जो मुख्यमंत्री की बजट घोषणा है, इस पर उन्हें निलंबित करना, यह दर्शाता है कि गहलोत राज में सवाल करना भी अपराध है। वक्ताओं ने शिक्षा मन्त्री बीडी कल्ला को शीघ्रता से बर्खास्त करने, जिन कांग्रेसी नेताओं ने अमीन कायमखानी पर हमला किया उन्हें कांग्रेस से निष्कासित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने और उर्दू तालीम व मदरसा तालीम से मुताल्लिक जितनी भी बजट घोषणाएं की गई हैं उनका अक्षरशः क्रियान्वयन करने की मांग भी की।

इस विरोध प्रदर्शन में राजस्थान मदरसा पैराटीचर संघ के अध्यक्ष सय्यद मसूद अख्तर, जमाअते इस्लामी हिन्द के अमीर ए हल्का मुहम्मद नाजिमुद्दीन, एम‌आईएम स्टेट कमेटी मेम्बर एडवोकेट ज़ावेद ख़ान खींवासर, एसडीपीआई के जयपुर के जिलाध्यक्ष ज़फ़र अहमद, मुस्लिम प्रोग्रेसिव फेडरेशन के सह संयोजक सय्यद अनवर शाह, एम‌आईएम स्टेट कमेटी मेम्बर और मिल्ली काॅन्सिल के प्रवक्ता एडवोकेट मुजाहिद अली नक़वी, एम‌आईएम के सक्रिय सदस्य परवेज़, भीम आर्मी के शोएब ख़ान, एसडीपीआई के जयपुर जनरल सेक्रेटरी मुकर्रम अहमद, तहरीक ए उर्दू राजस्थान के जनरल सेक्रेटरी खुर्शीद अनवर टोंक, पीएफ‌आई के खालिद मन्जूर, मदरसा पैराटीचर संघ के शकील अहमद, एम‌आई‌एम के एडवोकेट कासिफ ज़ुबैरी, राजस्थान कायमखानी महासभा के आजीवन सदस्य हाजी यासीन खां चायनाण, एम‌आईएम के सक्रिय सदस्य बाबूभाई फ्रीज वाले, उर्दू शिक्षक संघ की शाहना मैडम, मदरसा संचालक कारी मुहम्मद इस्हाक़, तहरीक ए उर्दू राजस्थान के कन्वीनर हाफ़िज़ मंजूर अली ख़ान, एडवोकेट एजाज नबी ख़ान जाजोद, रकमा के अध्यक्ष मुहम्मद हनीफ, कायमखानी विरासत एवं वंशावली संरक्षण समिति के स्टेट कमेटी मेम्बर खुर्शीद ख़ान रतनगढ़, मुस्लिम प्रोग्रेसिव फेडरेशन के संयोजक अब्दुल सलाम जौहर, इमाम काॅन्सिल के मौलाना मुहम्मद ज़ावेद, सादात वेलफेयर सोसायटी के जनरल सेक्रेटरी इस्हाक़ नक़वी, अम्बर ट्रेवल्स के संचालक इदरीश ख़ान जाबासर, एडवोकेट अलादीन ख़ान, पवन देव, समाजसेवी व शिक्षाविद आबिद खान बैरखण्डी, पीएफ‌आई के जयपुर जिलाध्यक्ष इमरान खान आदि क‌ई संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शरीक हुए।


अगले दिन 7 सितंबर को जयपुर के शास्त्री नगर स्थित अमीन कायमखानी की स्कूल के सामने अभिभावकों, छात्रों और जन संगठनों ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया और शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला का पुतला दहन कर जिला कलेक्टर जयपुर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। इसी दिन झुंझुनूं, फतेहपुर, ब्यावर, गंगानगर, भरतपुर, दौसा, नागौर आदि जगहों पर भी जिला कलेक्टर और एसडीएम आदि को ज्ञापन देने की खबर सोशल मीडिया पर वायरल हुई। 8 सितंबर को जयपुर के शास्त्री नगर कांवटिया सर्किल पर और 9 सितंबर को जयपुर के नवाब के चौराहे पर शिक्षा मन्त्री का पुतला दहन कर रोष व्यक्त किया गया। इसके साथ ही लाडनूं, धौलपुर, सीकर, चूरू, भीलवाड़ा, सुजानगढ़, कुचामन सिटी, मेड़ता सिटी, अजमेर, डीडवाना, बिसाऊ, पोकरण आदि शहरों में भी विभिन्न संगठनों की तरफ से ज्ञापन दिए गए।


इसी कड़ी में मदरसा पैराटीचर संघ, स्टूडेंट्स इस्लामिक ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया, पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया, कैम्पस फ्रंट ऑफ इंडिया, फ्रेटरनिटी मूवमेंट, तहरीक ए उर्दू झुंझुनूं, रकमा, आम आदमी पार्टी, मुस्लिम प्रोग्रेसिव फेडरेशन, राजस्थान कायमखानी महासभा की विरासत एवं वंशावली संरक्षण समिति, मेवाड़ कायमखानी महासभा, देशवाली महासभा, मुस्लिम महासभा, युवा कायमखानी वेलफेयर सोसायटी चूरू, वेलफेयर पार्टी ऑफ इंडिया, ऑल इंडिया मुस्लिम चेरिटेबल सोसायटी आदि के भी मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजने की खबर है।
+++++++++++++++++++++
अमीन कायमखानी के समर्थन में मुख्यमंत्री को भेजा गया ज्ञापन 
-------------------------------------------
श्री अशोक गहलोत साहब,
माननीय मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार, जयपुर।

द्वारा:- जिला कलेक्टर/एडीएम/एसडीएम/तहसीलदार/नायब तहसीलदार 

विषय:- उर्दू शिक्षक अमीन कायमखानी के निलम्बन और उन पर शिक्षा मन्त्री की मौजूदगी में हुए हमले के सन्दर्भ में।

महोदय, जैसा कि आपको मालूम है कि 5 सितंबर को शिक्षक दिवस पर जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षा मन्त्री श्री बीडी कल्ला के भाषण के दौरान राजस्थान उर्दू शिक्षक संघ के अध्यक्ष अमीन कायमखानी ने उर्दू तालीम से सम्बंधित आपकी बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन का सवाल उठाया तो वहां मौजूद कुछ कांग्रेसी नेताओं ने उन पर एक तरह से हमला कर उनकी टांगाटोली कर उनको जबरदस्ती हाॅल से बाहर धकेल दिया। अगले दिन उनको निलम्बित कर बांसवाड़ा भेजने के आदेश जारी कर दिए। यह सरासर शिक्षक दिवस पर सरकार और कांग्रेसी नेताओं के जरिए उर्दू शिक्षक, उर्दू तालीम और उर्दू से मुहब्बत करने वालों के साथ ज्यादती की गई। इस सन्दर्भ में हमारी मांगें निम्न हैं:-

1 यह है कि शिक्षा मन्त्री श्री बीडी कल्ला को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त किया जाए और जिन कांग्रेसी नेताओं ने उर्दू शिक्षक श्री अमीन कायमखानी पर हमला किया उनको कांग्रेस से निष्कासित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।

2 यह है कि उर्दू शिक्षक श्री अमीन कायमखानी का निलम्बन तुरंत प्रभाव से रद्द कर उन्हें उसी स्कूल में नियुक्त किया जाए, जहां वे पहले नियुक्त थे। 

3 यह है कि आप द्वारा उर्दू तालीम और मदरसा तालीम के सन्दर्भ में की गई बजट घोषणाओं का अक्षरशः क्रियान्वयन करवाया जाए तथा इस क्रियान्वयन में टालमटोल कर रहे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। 

4 यह है कि कांग्रेस द्वारा अपने घोषणा पत्र में उर्दू तालीम और मदरसा तालीम से सम्बंधित किए गए समस्त वादों को शीघ्रता से पूरा किया जाए।

महोदय हमें उम्मीद है कि आप हमारी मांगों को शीघ्रता से पूरा करेंगे, अगर हमारी मांगें नहीं मानी गई तो उर्दू तालीम से मुहब्बत करने वाले तमाम लोग एकजुट होकर पूरे प्रदेश में आपकी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे।
(07/09/2022)
कायमखानी विरासत एवं वंशावली संरक्षण समिति
(राजस्थान कायमखानी महासभा)
+++++++++++++++++++++

अमीन कायमखानी की स्कूल के सामने हुआ विरोध प्रदर्शन
------------------------------------------
जयपुर के शास्त्री नगर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय शहीद इंदिरा ज्योति नगर भट्टा बस्ती स्कूल में अमीन कायमखानी अध्यापक हैं। उनकी स्कूल के सामने 7 सितंबर को स्कूल के छात्रों, अभिभावकों और उर्दू से मुहब्बत करने वाले लोगों ने अमीन कायमखानी के समर्थन में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में शिक्षा मन्त्री बीडी कल्ला का पुतला दहन कर रोष व्यक्त किया गया। इसके बाद जिला कलेक्टर जयपुर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया और मांग की गई कि अमीन कायमखानी के निलंबन को शीघ्रता से रद्द कर उन्हें इसी स्कूल में वापस लगाया जाए और उर्दू तालीम से सम्बंधित सभी मांगों को शीघ्रता से माना जाए।

नगर विधायक वाजिब अली ने किया समर्थन
----------------------------------------
नगर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसी विधायक वाजिब अली ने अमीन कायमखानी के समर्थन में मुख्यमंत्री को पत्र लिखा और ट्वीट किया। उन्होंने ट्वीट में कहा कि "शिक्षा मंत्री श्री बीडी कल्ला जी से निवेदन करता हूँ कि राजस्थान उर्दू शिक्षक संघ के अध्यक्ष अमीन क़ायमखानी का निलम्बन रद्द किया जाए, उनके द्वारा उठाई गई सभी माँगे जायज़ हैं, शिक्षा विभाग इन्हें जल्द पूरा करके उर्दू के साथ हो रहे भेदभाव को समाप्त करे ! जय हिंद"
(09/09/2022)
------------------------------------------
➡️अगर आपको हमारा यह लेख/खबर पसंद आया हो, तो प्लीज इसे शेयर/फॉरवर्ड कीजिए और साथ ही हमारे अखबार की आर्थिक मदद भी कीजिए।
अकाउंट डिटेल्स:- इकरा पत्रिका
A/c no. 613900 55000 00252
IKRA PATRIKA
IFSC:- PUNB 0613900
PNB, MUSLIM SR. SEC. SCHOOL, MOTI DUNGARI ROAD, JAIPUR.
-------------------------------------------
➡️इकरा पत्रिका को सहयोग राशि आप Paytm, Phone Pay और Google Pay से भी भेज सकते हैं। फोन नम्बर 9414361522 पर (अकाउंट Farooq Ali Khan)
--------------------------------------------
©️ Copyright :- इस सम्पूर्ण लेख/खबर को या इसके किसी पैराग्राफ़ को हुबहू या तोड़ मरोड़ कर प्रकाशित करना मना है। अलबत्ता आप चाहें तो लेखक और हमारे अखबार के नाम के साथ इस सम्पूर्ण लेख/खबर को सोशल मीडिया पर शेयर जरूर कर सकते हैं।
---------------------------------------------
-@-एम फारूक़ ख़ान सम्पादक इकरा पत्रिका।
09602992087, 09414361522

©️ Copyright Thar News & Ikra Patrika.
All Rights Reserved.

Comments

Popular posts from this blog

झुंझुनूं में रीटा चौधरी को कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनाने पर जबरदस्त रोष

चित्तौड़गढ़ अन्जुमन स्कूल में किया मुस्लिम शिक्षकों का सम्मान

कुरैशी समाज की नो दहेज, नो गार्डन, नो डिनर मुहिम के तहत सादगी से हुई शादी