दीपावली की पूर्व संध्या पर इस बार भी शहीद स्मारक पर जलाया "एक दीया सद्भाव का"
-----------------------------------------
समाजवादी, गांधीवादी, अम्बेडकरवादी व मार्क्सवादी कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने दिया गंगा जमुनी तहज़ीब को मज़बूत करने का सन्देश
*************************
जयपुर (थार न्यूज़-इक़रा पत्रिका)। यहाँ गवर्नमेंट हाॅस्टल पुलिस कमिश्नर ऑफिस के सामने स्थित शहीद स्मारक पर दीपावली की पूर्व संध्या पर 23 अक्टूबर को "एक दीया सद्भाव का" जलाया गया। यह कार्यक्रम इकरा पत्रिका के सम्पादक एम फारूक़ ख़ान की पहल पर वर्ष 2019 में शुरू किया गया था। जिसमें गंगा जमुनी तहजीब में विश्वास रखने वाले सभी साथी और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। विशेष तौर पर समाजवादी, गांधीवादी, अम्बेडकरवादी व मार्क्सवादी कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने एकजुट होकर गंगा जमुनी तहज़ीब को मज़बूत करने का सन्देश दिया। इस बार यह चौथा कार्यक्रम था।

एक दीया सद्भाव का कार्यक्रम में सूर्यास्त होते ही सभी ने मिलकर दीये जलाए और एक दूसरे को दीपावली की बधाई दी तथा साम्प्रदायिक सद्भाव (गंगा जमुनी तहजीब) को मजबूत करने की देशवासियों से अपील की। गांधीवादी विचारक सवाई सिंह ने कहा कि दीपावली का त्यौहार अंधेरे से विकास की ओर ले जाने वाला है। हमारी गंगा जमुनी तहजीब रही है और इसे कोई मिटा भी नहीं सकता। लेकिन पिछले कुछ साल से इसे मिटाने का प्रयास किया जा रहा है। उन ताकतों को मजबूत नहीं होने देना है। जयपुर का साम्प्रदायिक सौहार्द हमेशा बना रहा है। पिछले कई साल से कुछ लोग अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने में लगे हुए हैं और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते आ रहे हैं, हमें शान्ति और भाईचारे का संदेश देकर उनके प्रयास विफल करने हैं।

कार्यक्रम संयोजक इकरा पत्रिका के सम्पादक एम फारूक़ ख़ान ने सभी का स्वागत करते हुए दीपावली की बधाई दी और कहा कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के संस्थापक सर सय्यद अहमद खान साहब कहा करते थे कि हिंदू और मुस्लिम इस देश की दो आंखे हैं, अगर एक आंख तकलीफ में होती है, तो दूसरी आंख को सुकून नहीं मिल सकता। इसलिए हमें सभी को आपस में मिलजुल कर और एक दूसरे के सुख दुःख में शरीक रहते हुए देश को आगे बढ़ाना है। हमें दीपावली, ईद, क्रिसमस, गुरू नानक जयन्ती जैसे सभी पंथों के त्यौहार मिलजुल कर मनाने चाहिए, ताकि गंगा जमुनी तहजीब मजबूत हो और नफरत फैलाने वालों को यह सन्देश मिले कि उनकी नफरती दुकान इस देश में नहीं चलेगी। उन्होंने इस शहीद स्मारक और 1971 के भारत पाकिस्तान युद्ध के दुरच्या बैटल के बारे में विस्तार से बताते हुए शहीदों को खिराज ए अकीदत पेश की।
राजस्थान नागरिक मंच के महासचिव बसन्त हरियाणा ने कार्यक्रम की तारीफ करते हुए कहा कि हमने चार वर्ष पहले तय किया था कि हर वर्ष यह प्रोग्राम करना है। इसकी शुरुआत करके जयपुर के लोगों ने साम्प्रदायिक ताकतों को यह साफ सन्देश दिया है कि इस देश में नफरत के पाठ को कोई जगह नहीं है।
कार्यक्रम में काफी देर तक सभी साथियों ने दीयों के साथ फोटो व वीडियो बनाकर इस खूबसूरत संध्या व रौशनी को निहारा। वयोवृद्ध अम्बेडकरवादी कार्यकर्ता रामेश्वर सेवार्थी ने कहा कि उम्र के इस पड़ाव में ऐसे कार्यक्रम देखकर बहुत खुशी होती है। यह गंगा जमुनी तहजीब ही देश की असल ताक़त है, जिसे हर हाल में हमें बचाना है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए काॅमरेड नरेन्द्र आचार्य ने कहा कि साम्प्रदायिक शक्तियां देश की लोकतांत्रिक व संवैधानिक व्यवस्था के लिए सबसे ज्यादा खतरा हैं, इसलिए हमें ऐसे सद्भाव के कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें कड़ा जवाब देना चाहिए। साथी पवन देव ने बिना किसी भेदभाव के मिलजुल कर रहने और एक दूसरे के पर्व को मनाने की अपील की। कार्यक्रम में हेमलता कसौटिया अपनी पूरी टीम के साथ शरीक हुईं और उन्होंने अपने सम्बोधन में शान्ति व भाईचारे से एकजुट होकर देश व समाज के विकास पर जोर दिया।
काॅमरेड निशा सिद्धु ने साम्प्रदायिक सद्भाव का नारा लगाते हुए कट्टरपंथी ताकतों को कड़ा सन्देश दिया। कार्यक्रम को रामवतार भारद्वाज, धर्मवीर कटेवा, अनिल गोस्वामी, हाजी यासीन खां चायनाण, महताराम काला, खुर्शीद खां रतनगढ़, कारी मोहम्मद इस्हाक़, आफताब ख़ान आदि ने भी सम्बोधित किया।
उपस्थित सभी साथियों ने "एक दीया सद्भाव का" जला कर देश और दुनिया में शान्ति व भाईचारे का सन्देश दिया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कामरेड तारा सिंह सिद्धू, गोपाल शरण, उषा पारीक, मुराद खां राॅयल, शमीम खां मलवाण, पत्रकार डाॅक्टर इस्माईल, नीरज चौहान, महेन्द्र आनन्द, शाकिर खां भींचरी, एम माहिर ख़ान, अब्दुल हफीज, दीपक धीर, सरीता पाटिल, पूजा मीणा, शबनम बेगम, उमेश शर्मा, शबाना, एम ताहिर खान और अन्य साथीगण शरीक हुए।
(24/10/2022)
-------------------------------------
➡️अगर आपको हमारा यह लेख/खबर पसंद आया हो, तो प्लीज इसे शेयर/फॉरवर्ड कीजिए और साथ ही हमारे अखबार की आर्थिक मदद भी कीजिए।
अकाउंट डिटेल्स:- इकरा पत्रिका
IKRA PATRIKA
PNB, MUSLIM SR. SEC. SCHOOL, MOTI DUNGARI ROAD, JAIPUR.
-------------------------------------------
➡️इकरा पत्रिका को सहयोग राशि आप Paytm, Phone Pay और Google Pay से भी भेज सकते हैं। फोन नम्बर
9414361522 पर (अकाउंट Farooq Ali Khan)
--------------------------------------------
©️ Copyright :- इस सम्पूर्ण लेख/खबर को या इसके किसी पैराग्राफ़ को हुबहू या तोड़ मरोड़ कर प्रकाशित करना मना है। अलबत्ता आप चाहें तो लेखक और हमारे अखबार के नाम के साथ इस सम्पूर्ण लेख/खबर को सोशल मीडिया पर शेयर जरूर कर सकते हैं।
---------------------------------------------
-@-एम फारूक़ ख़ान सम्पादक इकरा पत्रिका।
©️ Copyright Thar News & Ikra Patrika.
All Rights Reserved.
Comments
Post a Comment