कायमखानी विरासत एवं वंशावली संरक्षण समिति ने पेश किया मुख्यमंत्री और मंत्रियों को मांग पत्र

कायमखानी विरासत एवं वंशावली संरक्षण समिति ने पेश किया मुख्यमंत्री और मंत्रियों को मांग पत्र

------------------------------------------
कायमखानी ऐतिहासिक धरोहरों के नामकरण और जयपुर में नवाब क़ायम खां स्मारक बनाने सहित विभिन्न मांगें की ज्ञापन में शामिल
***************************
जयपुर (थार न्यूज़-इक़रा पत्रिका)कायमखानी विरासत एवं वंशावली संरक्षण समिति ने 13 जनवरी को यहां शासन सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में मुख्यमंत्री के ज्वाइंट सेक्रेटरी वरिष्ठ आर‌एएस अधिकारी शाहीन अली खान के जरिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को कायमखानी क़ौम से सम्बंधित आठ बिन्दुओं का एक मांग पत्र पेश किया। इस मांग पत्र के जरिए मुख्यमंत्री से मांग की गई कि इन मांगों के सन्दर्भ में बजट घोषणा कर कायमखानी क़ौम को अनुगृहीत करें। इस मांग पत्र की एक प्रति झुंझुनूं विधायक एवं परिवहन मंत्री बृजेन्द्र ओला और उदयपुरवाटी विधायक एवं सैनिक कल्याण मंत्री राजेन्द्र गुढ़ा को भी पेश की गई।


वंशावली संरक्षण समिति का प्रतिनिधि मण्डल समिति अध्यक्ष कप्तान फजरू खां के नेतृत्व में शासन सचिवालय गया। इस प्रतिनिधि मण्डल में समिति के सेक्रेटरी एम फारूक ख़ान, उपाध्यक्ष मुजफ्फर खां, कोषाध्यक्ष सूबेदार एजाज नबी खां, सदस्य कप्तान लियाकत खां धनूरी और सदस्य हाजी यासीन खां जालूपुरा शामिल रहे।


मांग पत्र हुबहू निम्न हैं:-

श्री अशोक गहलोत साहब,
माननीय मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार, जयपुर।

विषय:- कायमखानी क़ौम से सम्बंधित ऐतिहासिक धरोहरों के नामकरण एवं अन्य मांगों के सन्दर्भ में।

मुख्यमंत्री जी, आपको यह जरूर मालूम होगा कि कायमखानी जाति शौर्य, साहस, वफादारी और वतन प्रेमी के नाम से जानी जाती है। कायमखानी जाति (कायमखानी क़ौम) की भारतीय सेना में कुछ कम्पनियां भी हैं। विभिन्न युद्धों और सैन्य ऑपरेशनों में करीब 225 कायमखानी वीर सैनिक देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए हैं। छह कायमखानी वीर सैनिकों को वीर चक्र और चार को शौर्य चक्र जैसे सैन्य सम्मान से भारत सरकार द्वारा सम्मानित भी किया गया है। काफी कायमखानी सैनिकों को अन्य सैन्य अवार्ड भी दिए गए हैं। कायमखानी शहीद सैनिकों के नाम जयपुर के शहीद स्मारक, इंडिया गेट और वार मेमोरियल दिल्ली में दर्ज हैं।

श्रीमान जी कायमखानियों ने हिसार, हांसी, फतेहाबाद, चरखी दादरी, झुन्झुनूं, फतेहपुर, ढोसी, केड, बड़वासी, सतावनी (डीडवाना क्षेत्र) आदि तत्कालीन रियासतों पर करीब 350 साल तक शासन किया है। नवाब शम्स ख़ां कायमखानी झुन्झुनूं रियासत के संस्थापक नवाब मोहम्मद ख़ां साहब के पुत्र थे और उन्होंने अपने शासन के दौरान बतौर गौचर भूमि "झुन्झुनूं का विशाल बीहड़" गायों के लिए छोड़ा था। इसी तरह नवाब ज़लाल ख़ां कायमखानी फतेहपुर रियासत के शासक रहे हैं। उन्होंने भी अपने शासन के दौरान बतौर गौचर भूमि "फतेहपुर का विशाल बीहड़" गायों के लिए छोड़ा था। यह एक ऐतिहासिक तथ्य है। इसलिए कायमखानी कौम प्रदेश के बजट-2023-24 में आपसे उम्मीद रखती है कि आप कायमखानी कौम से सम्बंधित ऐतिहासिक धरोहरों के नामकरण व विकास करने एवं कायमखानी नवाबों के नाम पर सम्बंधित शहर-कस्बों में सड़क-सर्किल आदि का नामकरण करने की घोषणा करेंगे।



मुख्यमंत्री जी हमारी मांगें निम्नलिखित हैं:-

1 यह है कि झुंझुनूं के ऐतिहासिक विशाल बीहड़ (गौचर भूमि) का नामकरण नवाब शम्स खां साहब के नाम पर करने एवं इस बीहड़ में नवाब शम्स खां साहब का स्मारक बनाने की मेहरबानी करें।

2 यह है कि फतेहपुर (जिला सीकर) के ऐतिहासिक विशाल बीहड़ (गौचर भूमि) का नामकरण नवाब ज़लाल खां साहब के नाम पर करने एवं इस बीहड़ में नवाब ज़लाल खां साहब का स्मारक बनाने की मेहरबानी करें।

3 यह है कि फतेहपुर (जिला सीकर) के ऐतिहासिक विशाल बीहड़ (गौचर भूमि) में खुली हुई सरकारी एग्रिकल्चर काॅलेज का नामकरण नवाब ज़लाल खां साहब के नाम पर करें।

4 यह है कि झुंझुनूं कायमखानी रियासत के संस्थापक नवाब मोहम्मद खां साहब के नाम पर झुंझुनूं कलेक्ट्रेट सर्किल का नामकरण करने एवं झुंझुनूं शहर में नवाब मोहम्मद खां साहब का स्मारक दरगाह शरीफ बाबा कमरूद्दीन शाह साहब की वक्फ जायदाद में या किसी और भूमि पर बनाने की मेहरबानी कीजिए।

5 यह है कि फतेहपुर कायमखानी रियासत के संस्थापक नवाब फतेह खां साहब के नाम पर फतेहपुर के किसी प्रमुख सर्किल-चौराहे का नामकरण करने एवं फतेहपुर शहर में नवाब फतेह खां साहब का स्मारक बनाने की घोषणा करें।

6 यह है कि सतावनी कायमखानी रियासत (डीडवाना क्षेत्र) के डीडवाना शहर में नवाब क़ायम खां साहब के बड़े भाई नवाब जैनुद्दीन खां साहब के नाम पर किसी प्रमुख सर्किल-चौराहे का नामकरण करने एवं डीडवाना शहर में नवाब जैनुद्दीन खां साहब का स्मारक बनाने की घोषणा करें।

7 यह है कि केड (जिला झुंझुनूं) कायमखानी रियासत के संस्थापक नवाब क़ायम खां साहब के छोटे भाई नवाब जबरूद्दीन खां उर्फ जुबैरूद्दीन खां साहब के नाम पर किसी प्रमुख सर्किल-चौराहे का नामकरण कराने की घोषणा करें।

8 यह है कि जयपुर में सीकर रोड पर कायमखानी क़ौम के प्रथम पुरुष (संस्थापक) नवाब क़ायम खां साहब के नाम पर स्मारक बनाने एवं उस स्मारक में उनके नाम पर उच्च शिक्षा के लिए शिक्षण संस्थान स्थापित करने के लिए हमारी समिति को भूमि आवंटित करें

मुख्यमंत्री जी इस मांग पत्र के बिन्दु संख्या 1 और 2 के सन्दर्भ में पूर्व में क्रमशः जिला कलेक्टर झुंझुनूं और जिला कलेक्टर सीकर को हमारी समिति ने मांग पत्र दिया था, जिनकी प्रतिलिपि आपको भी भेजी थी। हमें आशा और विश्वास है कि आप हमारी इन आठ मांगों के सन्दर्भ में बजट घोषणा कर कायमखानी क़ौम को अवश्य अनुगृहीत करेंगे।
(13 जनवरी 2023)

भवदीय

सभी पदाधिकारी और सदस्य, कायमखानी विरासत एवं वंशावली संरक्षण समिति।

****************************

©️ Copyright :- इस सम्पूर्ण लेख/खबर को या इसके किसी पैराग्राफ़ को हुबहू या तोड़ मरोड़ कर प्रकाशित करना मना है। अलबत्ता आप चाहें तो लेखक और हमारे अखबार के नाम के साथ इस सम्पूर्ण लेख/खबर को सोशल मीडिया पर शेयर जरूर कर सकते हैं।
---------------------------------------------
-@-एम फारूक़ ख़ान सम्पादक इकरा पत्रिका।

©️ Copyright Thar News & Ikra Patrika.
All Rights Reserved.

Comments

Popular posts from this blog

झुंझुनूं में रीटा चौधरी को कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनाने पर जबरदस्त रोष

चित्तौड़गढ़ अन्जुमन स्कूल में किया मुस्लिम शिक्षकों का सम्मान

कुरैशी समाज की नो दहेज, नो गार्डन, नो डिनर मुहिम के तहत सादगी से हुई शादी