बनेड़ा में महाराणा प्रताप जयंती की शोभायात्रा में कायमखानी क़ौम ने किया राजसी स्वागत
बनेड़ा में महाराणा प्रताप जयंती की शोभायात्रा में कायमखानी क़ौम ने किया राजसी स्वागत
***********************
बनेड़ा (थार न्यूज़-इक़रा पत्रिका)। स्वाभिमान की प्रतीक मेवाड़ धरा के लाडले सपूत और महान योद्धा महाराणा प्रताप की जयंती 9 मई के अवसर पर तत्कालीन मेवाड़ रियासत के ठिकाने बनेड़ा (जिला भीलवाड़ा) में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा बनेड़ा ठिकाने के पूर्व ठिकानेदार राजाधिराज बनेड़ा गोपाल चरण सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में निकाली गई। जिसमें प्रमुख रूप से कुंवर प्रदीप कुमार सिंह सिंगोली (पूर्व विधायक माण्डलगढ एवं अध्यक्ष महाराणा भूपाल शिक्षण एवं प्रचारिणी सभा उदयपुर) भी शरीक हुए।
राजसी आन, बान व शान के साथ बनेड़ा कस्बे में निकाली गई इस शोभायात्रा का जगह जगह स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। स्वागत की इस कड़ी में स्थानीय कायमखानी सरदारों ने राजसी अंदाज में सिरोपाव भेंट कर राजाधिराज बनेड़ा का स्वागत किया। यह स्वागत कार्यक्रम राजस्थान कायमखानी महासभा की भीलवाड़ा जिला ईकाई के बैनर तले आयोजित किया गया। इसके लिए बाकायदा शोभायात्रा के मार्ग में पंडाल लगाकर यात्रियों को शीतल-पेय पिलाया गया और पुष्प वर्षा की गई।
उल्लेखनीय यह है कि गंगा जमुनी तहज़ीब की पैरोकार कायमखानी क़ौम जिसने विभिन्न रियासतों पर क़रीब 350 साल तक शासन किया है तथा विभिन्न युद्धों एवं सैन्य ऑपरेशनों में इसके करीब 225 वीर सैनिक देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए हैं, छह कायमखानी वीर सैनिकों को भारत सरकार ने वीर चक्र, चार को शौर्य चक्र और कई सैनिकों को अन्य सैन्य अवार्ड से नवाजा है। उसके पुरखों की ईमानदारी, वफादारी और वतनपरस्ती को देखते हुए मेवाड़ रियासत में सबसे पहले बनेड़ा ठिकाने में राजाधिराज गोपाल चरण सिंह सिसोदिया के पूर्वज यहां लेकर आए थे। यहां कायमखानी सरदारों को कई गांवों में तब बसाया गया और जागीरें दी गई। यहां प्रमुख रूप से सरदारपुरा, भीमपुरा, निम्बाहेड़ा खुर्द, बेसकलाई, लाम्बिया आदि गांवों में कायमखानी सरदारों को जागीरें दी गई। इस इलाके में आज भी कायमखानी क़ौम का सभी कौमों में अच्छा आदर सत्कार है।
इस शोभायात्रा का राजस्थान कायमखानी महासभा के बैनर तले जो राजसी स्वागत किया गया। उसमें कई कायमखानी सरदार शरीक हुए। जिनमें महासभा के भीलवाड़ा जिला अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच राक्षी सावंत खां बेसकलाई, पूर्व सीसीबी चेयरमैन भंवरू खां भीमपुरा, युवा कायमखानी महासभा के जिलाध्यक्ष ताज खां कायमखानी, कायमखानी सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति भीलवाड़ा के अध्यक्ष इमरान कायमखानी, पूर्व उप सरपंच मुमताज खां कायमखानी, वार्ड पंच लादू खां, पूर्व वार्ड पंच शब्बीर खां कायमखानी, सवाई खां, मोहम्मद हुसैन खां, धन्ने खां, नाहर खां, हुसैन खां, शौकत खां, अजीज खां, गुडडू खां, एजाज खां, शेर खां, मुमताज खां मेघरास, गौरू खां, इक़बाल खां, आसिफ खां, निसार खां बनेड़ा, इमरान खां, नदीम खां, समीर खां आदि प्रमुख रूप से शरीक हुए।
उल्लेखनीय यह भी है कि कायमखानी क़ौम पर मेवाड़ रियासत और यहां के ठिकानेदारों का विशेष आशीर्वाद रहा है। यही वजह है कि कई पंचायतों में यहां कायमखानी सरपंच रहे हैं, कुछ तो ऐसी पंचायत हैं जहां कायमखानी वोट न के बराबर हैं फिर भी सभी कौमों के सहयोग से यहां कायमखानी सरपंच बनते रहे हैं। बनेड़ा पंचायत समिति में मरहूम इस्लाम खां मेघरास प्रधान भी रहे हैं। यह सब गंगा जमुनी तहज़ीब यानी मिलीजुली संस्कृति का परिणाम था, आज के साम्प्रदायिक नफरती दौर में भी यहां के कायमखानियों ने अपने पुरखों की इस संस्कृति व विरासत को बचाया हुआ है, यही कायमखानी कौम की सबसे बड़ी धरोहर है।
(09/05/2023)
------------------------------------------
➡️अगर आपको हमारा यह लेख/खबर पसंद आया हो, तो प्लीज इसे शेयर/फॉरवर्ड कीजिए और साथ ही हमारे अखबार की आर्थिक मदद भी कीजिए।
अकाउंट डिटेल्स:- इकरा पत्रिका
A/c no. 613900 55000 00252
IKRA PATRIKA
IFSC:- PUNB 0613900
PNB, MUSLIM SR. SEC. SCHOOL, MOTI DUNGARI ROAD, JAIPUR.
-------------------------------------------
➡️इकरा पत्रिका को सहयोग राशि आप Paytm, Phone Pay और Google Pay से भी भेज सकते हैं। फोन नम्बर 9414361522 पर (अकाउंट Farooq Ali Khan)
--------------------------------------------
©️ Copyright :- इस सम्पूर्ण लेख/खबर को या इसके किसी पैराग्राफ़ को हुबहू या तोड़ मरोड़ कर प्रकाशित करना मना है। अलबत्ता आप चाहें तो लेखक और हमारे अखबार के नाम के साथ इस सम्पूर्ण लेख/खबर को सोशल मीडिया पर शेयर जरूर कर सकते हैं।
---------------------------------------------
-@-एम फारूक़ ख़ान सम्पादक इकरा पत्रिका।
©️ Copyright Thar News & Ikra Patrika.
All Rights Reserved.




Comments
Post a Comment