मोदी के "भजन" की पेपर लीक और अपराध को लेकर होगी अग्नि परीक्षा...

मोदी के "भजन" की पेपर लीक और अपराध को लेकर होगी अग्नि परीक्षा...

**********************
जयपुर (थार न्यूज़-इक़रा पत्रिका)। भारतीय जनता पार्टी को राजस्थान में पूर्ण बहुमत मिला है और पहली बार राजस्थान ने देखा कि प्रथम बार विधायक बने एक नए नवेले नेता भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाया गया है, जिनके मुख्यमंत्री बनने की चर्चा कहीं भी दूर दूर तक नहीं थी तथा 12 दिसम्बर को दोपहर बाद जब पार्टी मुख्यालय में विधायक दल की बैठक हुई उससे पहले खुद भजनलाल को भी नहीं मालूम था कि थोड़ी देर बाद वे राजस्थान जैसे बड़े राज्य के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।


चुनाव के दौरान चल रही सियासी चाय चौपालों और मीडिया और सोशल मीडिया पर 13 नेताओं के मुख्यमंत्री बनाने की चर्चा भाजपा को लेकर होती रही। लेकिन पार्टी ने इन सभी 13 को साइड में कर भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लिया। कहा जा रहा है कि इसकी तैयारी आरएसएस यानी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कई महीने पहले ही कर ली थी। जिसकी खबर चार पांच लोगों तक ही सीमित रही। अब यह तो तय हो गया है कि भजनलाल शर्मा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और आरएसएस की पसंद से चयनित हुए हैं।

बहरहाल मुद्दा यह नहीं है कि एक नए नेता को मुख्यमंत्री क्यों बनाया गया ? नया नेता भी सुशासन दे सकता है। नए नेता को मुख्यमंत्री बनाने की पीड़ा तो सिर्फ उन नेताओं और उनके समर्थकों को है जो मुख्यमंत्री की शपथ लेने की एक तरह से मुकम्मल तैयारी कर चुके थे और आखिर में उनकी योजना पर पार्टी नेतृत्व ने पानी फेर दिया। हां, यह मुद्दा जरूर है कि भाजपा ने जमीन से जुड़े हुए एक आम गरीब कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री जैसा बड़ा ओहदा देकर सम्मानित किया है, इससे पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं में जोश भर गया है, जो 15 दिसम्बर को शपथ ग्रहण समारोह में भी देखा गया था।

असल मुद्दा है कि क्या भजनलाल शर्मा राजस्थान में सुशासन दे पाएंगे ? क्या वे चुनाव में पार्टी द्वारा किए गए बड़े बड़े वादों पर खरे उतरेंगे ? राजस्थान में पेपर लीक और अपराध दो बड़े मुद्दे हैं। कुछ बरसों से अपराध भी बहुत बढ़ा है, अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे सरेआम हिंसक ताण्डव कर रहे हैं। इसी तरह हर भर्ती के पेपर लीक हो रहे हैं और इससे दिन रात तैयारी करने वाले योग्य युवक-युवतियों के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

पेपर लीक और बढ़ते अपराध को भाजपा नेताओं खासकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने चुनावी सभाओं में मुख्य मुद्दा बनाया था तथा जनता से वादा किया था कि सत्ता में आने के बाद पेपर लीक प्रकरण की जांच कर बड़े बड़े दोषियों को सजा दी जाएगी, चाहे वे कोई भी हों। इसी तरह अपराध मुक्त राजस्थान की बात भी कही गई थी। अब सरकार भाजपा की बन गई है और मुख्यमंत्री भी प्रधानमंत्री मोदी की पसंद के व्यक्ति को बनाया गया है, तो अब इन दोनों मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अग्नि परीक्षा होनी है। अगर इन दोनों मुद्दों पर सख्ती नहीं दिखाई गई और जनता को राहत नहीं दी गई, तो यह भी एक "चुनावी जुमला" बन जाएंगे।

हालांकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शपथ लेते ही पेपर लीक और अपराध पर सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। पेपर लीक को लेकर एस‌आईटी भी बना दी गई है और अपराध रोकने के लिए स्पेशल टीम भी गठित कर दी गई है। लेकिन ऐसा तो पहले भी कई बार हो चुका है। जब तक बिना किसी भेदभाव के और बिना किसी अपने पराए को देखे इन दोनों मुद्दों पर समयबद्ध और कठोरता से काम नहीं किया गया तो फिर जनता और ख़ासकर बेरोजगार युवक-युवतियां अपने आपको ठगा सा महसूस करेंगे।
(24/12/2023)
-----------------------------------
➡️अगर आपको हमारा यह लेख/खबर पसंद आया हो, तो प्लीज इसे शेयर/फॉरवर्ड कीजिए और साथ ही हमारे अखबार की आर्थिक मदद भी कीजिए।
अकाउंट डिटेल्स:- इकरा पत्रिका
IKRA PATRIKA
IFSC:- PUNB 0613900
PNB, MUSLIM SR. SEC. SCHOOL, MOTI DUNGARI ROAD, JAIPUR.
-------------------------------------------
➡️इकरा पत्रिका को सहयोग राशि आप Paytm, Phone Pay और Google Pay से भी भेज सकते हैं। फोन नम्बर 9414361522 पर (अकाउंट Farooq Ali Khan)
--------------------------------------------
©️ Copyright :- इस सम्पूर्ण लेख/खबर को या इसके किसी पैराग्राफ़ को हुबहू या तोड़ मरोड़ कर प्रकाशित करना मना है। अलबत्ता आप चाहें तो लेखक और हमारे अखबार के नाम के साथ इस सम्पूर्ण लेख/खबर को सोशल मीडिया पर शेयर जरूर कर सकते हैं।
---------------------------------------------
-@-एम फारूक़ ख़ान सम्पादक इकरा पत्रिका।

©️ Copyright Thar News & Ikra Patrika.
All Rights Reserved.

Comments

Popular posts from this blog

झुंझुनूं में रीटा चौधरी को कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनाने पर जबरदस्त रोष

चित्तौड़गढ़ अन्जुमन स्कूल में किया मुस्लिम शिक्षकों का सम्मान

कुरैशी समाज की नो दहेज, नो गार्डन, नो डिनर मुहिम के तहत सादगी से हुई शादी