चैनपुरा के राजकीय महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल के विकास में ग्रामीणों की नई पहल
***********************
चैनपुरा (थार न्यूज़-इक़रा पत्रिका)। झुन्झुनूं जिले की लादूसर ग्राम पंचायत का एक गांव चैनपुरा। जहां प्राथमिक स्तर की सरकारी स्कूल हुआ करती थी, जो बरसों से बदहाल थी। वजह न बच्चे थे और ना ही ढंग का इंफ्रास्ट्रक्चर। नाममात्र का स्टाफ, साथ ही जर्जर हालत में भवन और अतिक्रमण की शिकार स्कूल भूमि। स्कूल का नाम था शहीद राजेन्द्र प्रसाद राजकीय प्राथमिक विद्यालय चैनपुरा, जिसे गत वर्ष राज्य सरकार ने महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में क्रमोन्नत किया है।
अब इसका नाम शहीद राजेन्द्र प्रसाद राजकीय महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम उच्च माध्यमिक विद्यालय हो गया है। इस स्कूल में प्राइवेट स्कूल जैसी सुविधाएं देने, बेहतरीन शैक्षणिक माहौल पैदा करने के उद्देश्य से गांव के कुछ युवाओं ने प्रयास शुरू किया, गांव के मोअज्जिज लोगों की मीटिंग बुलाई और सरकारी सहायता लेने के साथ साथ गांव से भी आर्थिक सहयोग इक्ट्ठा करने का एलान किया, अभी तक करीब 12 लाख का आर्थिक सहयोग गांव से इक्ट्ठा हो चुका है।
गांव के नव नियुक्त सरकारी अध्यापक एवं रिटायर्ड सैनिक जहीर खान ने बताया कि स्कूल की कायापलट करने के लिए गांव के कुछ युवाओं ने चर्चा शुरू की, फिर इस चर्चा को एक अभियान बना दिया गया। इस अभियान के तहत स्कूल में टूटी हुई चारदीवारी की मरम्मत करने, गार्डन बनाने, इंटरलोक फुटपाथ बनाने, खाली पड़ी स्कूल की जमीन पर चारदीवारी करने, नए कमरे बनाने आदि कार्य करने के लिए समस्त ग्रामवासियों और सरकार का सहयोग लेने की योजना बनाई गई। पंचायत समिति अलसीसर के प्रधान घासीराम पूनिया जो कि इसी गांव के निवासी हैं, उन्होंने एक कमरा बनाने की घोषणा की। समस्त ग्रामवासियों ने इस अभियान में बढ़ चढ़ कर सहयोग किया।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत अब स्कूल से जर्जर भवन को हटा दिया गया है और नए भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। एक सुन्दर दरवाजा बनाया जा रहा है, पाठ्य सामग्री की खरीदारी की जा रही है। स्कूल की पूरी तरह से कायापलट की जा रही है। इसमें विशेष योगदान की बात यह भी है गांव के करीब आधा दर्जन युवा कुछ महीनों पहले सरकारी अध्यापक नियुक्त हुए और उन्होंने इस खुशी में अच्छा खासा आर्थिक सहयोग स्कूल को किया और घर घर घूमकर दूसरों से सहयोग करवाया भी।
दूल्हे ने दिया आर्थिक सहयोग : गांव के बलबीर सिंह मीणा के पुत्र राकेश कुमार का गत दिनों विवाह हुआ, उसने विवाह के इस शुभ अवसर पर स्कूल विकास के अभियान में 5100 रूपए का आर्थिक सहयोग देकर अपनी बारात को रवाना किया।
पूर्व सैनिकों और सरकारी कर्मचारियों का रहा विशेष योगदान : सरकारी सेवा में सैनिक बाहुल्य इस गांव में पूर्व सैनिकों ने इस अभियान को विशेष रूप से आगे बढ़ाया। पूर्व सैनिकों, वर्तमान सैनिकों, पुलिसकर्मियों, अध्यापकों और अन्य सरकारी कर्मचारियों ने इस अभियान में न सिर्फ बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया, बल्कि दूसरों को मोटिवेट भी किया।
10/02/2024
------------------------------------
➡️अगर आपको हमारा यह लेख/खबर पसंद आया हो, तो प्लीज इसे शेयर/फॉरवर्ड कीजिए और साथ ही हमारे अखबार की आर्थिक मदद भी कीजिए।
अकाउंट डिटेल्स:- इकरा पत्रिका
IKRA PATRIKA
PNB, MUSLIM SR. SEC. SCHOOL, MOTI DUNGARI ROAD, JAIPUR.
-------------------------------------------
➡️इकरा पत्रिका को सहयोग राशि आप Paytm, Phone Pay और Google Pay से भी भेज सकते हैं। फोन नम्बर 9414361522 पर (अकाउंट Farooq Ali Khan)
--------------------------------------------
©️ Copyright :- इस सम्पूर्ण लेख/खबर को या इसके किसी पैराग्राफ़ को हुबहू या तोड़ मरोड़ कर प्रकाशित करना मना है। अलबत्ता आप चाहें तो लेखक और हमारे अखबार के नाम के साथ इस सम्पूर्ण लेख/खबर को सोशल मीडिया पर शेयर जरूर कर सकते हैं।
---------------------------------------------
-@-एम फारूक़ ख़ान सम्पादक इकरा पत्रिका।
©️ Copyright Thar News & Ikra Patrika.
All Rights Reserved.
Comments
Post a Comment