इस बार भी हांसी में मनाया जाएगा "नवाब क़ायम खां डे"
--------------------------------------
कायमखानी विरासत एवं वंशावली संरक्षण समिति करेगी आयोजन
**************************
जयपुर (थार न्यूज़-इक़रा पत्रिका)। हिसार-हांसी रियासत के तत्कालीन शासक नवाब क़ायम खां साहब का 605 वां शहीद दिवस "नवाब क़ायम खां डे" 14 जून 2024 को इस बार भी कायमखानी विरासत एवं वंशावली संरक्षण समिति हांसी स्थित नवाब क़ायम खां साहब के मकबरे और उनके पीरो मुर्शीद की खानकाह दरगाह चार कुतुब में इन्शाअल्लाह मनाएगी। नवाब क़ायम खां साहब 14 जून 1419 ईस्वी को शहीद हुए थे।
नवाब क़ायम खां साहब सुल्तान फिरोजशाह तुगलक साहब के वजीर और सेनापति एवं कायमखानी क़ौम के प्रथम पुरुष हैं। इन्हीं के नाम पर कायमखानी क़ौम की उत्पत्ति हुई तथा नवाब क़ायम खां साहब और इनके दो भाइयों (नवाब जैनुद्दीन खां साहब और नवाब जुबैरूद्दीन खां साहब) की औलाद को कायमखानी कहा जाता है। कायमखानी क़ौम ने हिसार, हांसी, फतेहाबाद, चरखी दादरी, नालनोल, झुंझुनूं, फतेहपुर, ढोसी, केड, बड़वासी, सतावनी (डीडवाना क्षेत्र) आदि रियासतों पर अलग अलग समय करीब 375 साल तक शासन किया था।
भारतीय सैन्य इतिहास में इस क़ौम का नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा हुआ है। विभिन्न युद्धों एवं सैन्य ऑपरेशनों में बड़ी संख्या में कायमखानी वीर सैनिक देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए हैं। छह कायमखानी सैनिकों को वीर चक्र और तीन को शौर्य चक्र और कई सैनिकों को अन्य सैन्य अवार्ड से भारत सरकार ने सम्मानित किया है। इसी कायमखानी क़ौम के प्रथम पुरुष नवाब क़ायम खां साहब को हर साल 14 जून को उनके शहीद दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए बड़े ही अदबो एहतराम के साथ याद किया जाता है।
नवाब क़ायम खां साहब की पैदाइश 1335 ईस्वी में तत्कालीन ददरेवा (जिला चूरू) रियासत में एक राजकुमार के तौर पर हुई थी, जिस पर तब चौहान राजपूतों का शासन था। उनका मकबरा हांसी (हरियाणा) में है। हांसी किसी जमाने में हिन्दुस्तान का रूहानी मरकज हुआ करता था, जहां खानकाह शेख जमालुद्दीन चिश्ती रहमतुल्लाह अलैह है, जो आज दरगाह चार कुतुब के नाम से पूरी दुनिया में मशहूर है। चौथे कुतुब साहब के हाथ पर नवाब क़ायम खां साहब और इनके दो भाइयों ने इस्लाम कुबूल किया था। यहां नवाब क़ायम खां साहब ने अपने शासनकाल में विशाल कायमसर झील बनवाई थी, जिसका बड़ा हिस्सा आज भी मौजूद है। इसी झील के किनारे उनको दफन किया गया, जहां उनके बड़े साहबजादे और हिसार हांसी रियासत के तत्कालीन शासक नवाब मोहम्मद खां साहब ने उनका मकबरा बनवाया था। नवाब मोहम्मद खां साहब का विशाल मकबरा दरगाह चार कुतुब परिसर के अन्दर स्थित है।
कायमखानी विरासत एवं वंशावली संरक्षण समिति के अध्यक्ष कप्तान फजरू खां ने बताया कि पिछले साल 14 जून 2023 को हमारी समिति ने पहली बार हांसी में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया था। कायमखानी रियासतों के खात्मे के करीब 290 साल बाद हांसी में पहली बार कायमखानी क़ौम का इतना बड़ा कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इस बार भी हमारी समिति हांसी में कार्यक्रम आयोजित कर रही है। 14 जून 2024 को यह कार्यक्रम सुबह 9 बजे इन्शाअल्लाह आयोजित होगा। जिसमें नवाब क़ायम खां साहब के मकबरे, उनके साहबजादे नवाब मोहम्मद खां साहब के मकबरे और उनके पीरो मुर्शीद खानकाह चार कुतुब में चारों कुतुब साहब की मजार पर चादर पेश की जाएगी।
कायमखानी विरासत एवं वंशावली संरक्षण समिति की "हांसी प्रोजेक्ट सब कमेटी" के चेयरमैन खुर्शीद खां रतनगढ़ ने बताया कि नवाब क़ायम खां साहब का मकबरा पूरी तरह से जर्जर हो चुका है, इसका 70 फीसदी से ज्यादा हिस्सा गिर चुका है। हम हांसी प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से इसका पुनर्निर्माण करवाने के प्रयास में लगे हुए हैं। पिछली बार हमारी समिति ने यहां चादर पेश कर कुतबा पत्थर लगाया था। इस बार यहां स्थानीय लोगों के सहयोग से साफ सफाई करवाई गई है। इसकी देखभाल भी यहां के स्थानीय गैर मुस्लिम भाई बहन कर रहे हैं। इस बार के कार्यक्रम में भी फातिहाख्वानी होगी और मुल्क व क़ौम की तरक्की व भाईचारे के लिए दुआ की जाएगी।
(13/06/2024)
-------------------------------------
➡️अगर आपको हमारा यह लेख/खबर पसंद आया हो, तो प्लीज इसे शेयर/फॉरवर्ड कीजिए और साथ ही हमारे अखबार की आर्थिक मदद भी कीजिए।
अकाउंट डिटेल्स:- इकरा पत्रिका
IKRA PATRIKA
PNB, MUSLIM SR. SEC. SCHOOL, MOTI DUNGARI ROAD, JAIPUR.
-------------------------------------------
➡️इकरा पत्रिका को सहयोग राशि आप Paytm, Phone Pay और Google Pay से भी भेज सकते हैं। फोन नम्बर 9414361522 पर (अकाउंट Farooq Ali Khan)
--------------------------------------------
©️ Copyright :- इस सम्पूर्ण लेख/खबर को या इसके किसी पैराग्राफ़ को हुबहू या तोड़ मरोड़ कर प्रकाशित करना मना है। अलबत्ता आप चाहें तो लेखक और हमारे अखबार के नाम के साथ इस सम्पूर्ण लेख/खबर को सोशल मीडिया पर शेयर जरूर कर सकते हैं।
--------------------------------------------
-@-एम फारूक़ ख़ान सम्पादक इकरा पत्रिका।
©️ Copyright Thar News & Ikra Patrika.
All Rights Reserved.
Comments
Post a Comment