मुस्लिम स्कूल जोधपुर के चुनाव और नए दौर की शुरूआत के आगे क्या ?

मुस्लिम स्कूल जोधपुर के चुनाव और नए दौर की शुरूआत के आगे क्या ?

************************
जोधपुर (थार न्यूज़-इक़रा पत्रिका)। लम्बी जद्दोजहद और कोर्ट कचहरी में चले मुकदमे के बीच जोधपुर के मुस्लिम समुदाय की मशहूर संस्था मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एंड वेलफेयर सोसायटी की गवर्निंग काउंसिल के 21 सदस्यों का 23 जून 2024 को चुनाव हुआ। इस चुनाव में अजीज भाई तारा बीड़ी वाले के पैनल से 12 सदस्य और यहां बरसों से जिम्मेदारी संभाल रहे मोहम्मद अतीक पैनल से 9 सदस्य निर्वाचित हुए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार संख्या बल के हिसाब से अजीज भाई का पैनल जीत गया और मोहम्मद अतीक का पैनल हार गया। इस चुनाव में अजीज भाई को संस्था का अध्यक्ष, एडवोकेट रिडमल खां मेहर को जनरल सेक्रेटरी और नौशाद खान को कोषाध्यक्ष चुना गया। इस सोसायटी के मातहत स्कूल, कॉलेज और मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी सहित कई शैक्षणिक संस्थानों का संचालन होता है।

कुछ महीनों पहले दोनों पैनल एक ही ग्रुप हुआ करता था, लेकिन पदाधिकारियों के अहंकार और अनियमितता के आरोपों के बीच मोहम्मद अतीक के शुरुआती साथी उनके खिलाफ हो गए और बात कोर्ट कचहरी तक पहुंच गई। मामला निचले कोर्ट से हाईकोर्ट तक पहुंचा, मोहम्मद अतीक और उनके साथियों को कोर्ट ने बर्खास्त कर रिसीवर नियुक्त कर दिया। सोशल मीडिया पर एक दूसरे पर घिनौने आरोप लगाए गए। इतने बड़े इदारे के जिम्मेदारान की पूरे देश में छिछालेदर हुई। वो भी तब जब इस इदारे को प्राइमरी स्कूल से यूनिवर्सिटी तक पहुंचाया और खुद 80 बरस के आस पास पहुंच गए।

बहरहाल चुनाव हो गए और नए पदाधिकारियों ने संस्था की जिम्मेदारी संभाल ली। अब नए पदाधिकारियों की असली अग्निपरीक्षा शुरू हुई है। उन्हें इन तमाम शिक्षण संस्थाओं को पहले से बेहतर चलाना है, पूरी पारदर्शिता रखनी है, पाई पाई का हिसाब रखना है, सभी कार्य नियमानुसार करने हैं, संस्थान की आमदनी और शैक्षणिक गुणवत्ता दोनों को बढ़ाना है। व्यक्तिगत हित के लिए इस सोसायटी का दुरूपयोग नहीं करना है।

मोहम्मद अतीक पर जो करोड़ों रूपए के घोटाले के आरोप लगाए थे, उनको फेयर जांच व ऑडिट कर साबित करना है, सब कुछ वक्त वक्त पर क़ौम को बताना है, जो भी लूट हुई है उसकी वसूली करनी है, दोषियों को दंडित करवाना है। अगर यह सब काम होंगे तब ही इस नए दौर की सार्थकता होगी, नहीं तो सिर्फ कुर्सी हासिल करने की सियासत मानी जाएगी। ऐसा नहीं हो कि न‌ए पदाधिकारी पुराने पदाधिकारियों से घालमेल कर सब आरोपों को दफन कर क़ौम हित की दुहाई देकर खामोश हो जाएं। अगर ऐसा किया गया तो फिर सवालों के घेरे में न‌ए पदाधिकारी भी आएंगे।

मोहम्मद अतीक और उनके साथियों को भी दिल बड़ा रखकर न‌ए पदाधिकारियों का साथ देना चाहिए, साथ ही हर तरह से उन पर निगरानी भी रखनी चाहिए। जहां भी गलती लगे टोका जाए। खुद पर लगे आरोपों की जांच करवाने में आगे बढ़कर सहयोग करना चाहिए। संख्या बल में जरूर हार गए, लेकिन फिर भी गवर्निंग काउंसिल में मोहम्मद अतीक सहित 9 मेम्बर उनके जीते हैं। इसलिए गवर्निंग काउंसिल में पक्ष और विपक्ष दोनों मजबूत हैं। अगर पक्ष विपक्ष दोनों ने कुछ महीने बाद सब कुछ भुलाकर पहले की तरह गलबहियां शुरू कर दी तो फिर करोड़ों के घोटाले के आरोप कौन साबित करेगा ? इतने बड़े इदारे की पूरे मुल्क में जो जग हंसाई हुई है उसकी भरपाई कौन करेगा ? आईटी सेल के जरिए जोधपुर की न‌ई पीढ़ी में आरोपों की बौछार के साथ दोनों पक्षों ने जो जहर भरा है, उसकी कीमत कौन चुकाएगा ?
25/06/2024
--------------------------------------
➡️अगर आपको हमारा यह लेख/खबर पसंद आया हो, तो प्लीज इसे शेयर/फॉरवर्ड कीजिए और साथ ही हमारे अखबार की आर्थिक मदद भी कीजिए।
अकाउंट डिटेल्स:- इकरा पत्रिका
IKRA PATRIKA
IFSC:- PUNB 0613900
PNB, MUSLIM SR. SEC. SCHOOL, MOTI DUNGARI ROAD, JAIPUR.
-------------------------------------------
➡️इकरा पत्रिका को सहयोग राशि आप Paytm, Phone Pay और Google Pay से भी भेज सकते हैं। फोन नम्बर 9414361522 पर (अकाउंट Farooq Ali Khan)
--------------------------------------------
©️ Copyright :- इस सम्पूर्ण लेख/खबर को या इसके किसी पैराग्राफ़ को हुबहू या तोड़ मरोड़ कर प्रकाशित करना मना है। अलबत्ता आप चाहें तो लेखक और हमारे अखबार के नाम के साथ इस सम्पूर्ण लेख/खबर को सोशल मीडिया पर शेयर जरूर कर सकते हैं।
--------------------------------------------
-@-एम फारूक़ ख़ान सम्पादक इकरा पत्रिका।

©️ Copyright Thar News & Ikra Patrika.
All Rights Reserved.

Comments

Popular posts from this blog

झुंझुनूं में रीटा चौधरी को कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनाने पर जबरदस्त रोष

चित्तौड़गढ़ अन्जुमन स्कूल में किया मुस्लिम शिक्षकों का सम्मान

कुरैशी समाज की नो दहेज, नो गार्डन, नो डिनर मुहिम के तहत सादगी से हुई शादी