कायमखानी वेलफेयर ट्रस्ट ने जयपुर में आयोजित की मीटिंग
-----------------------------------
ट्रस्ट की नई कार्यकारिणी की हुई घोषणा, साथ ही आमद खर्च का हिसाब किताब भी किया पेश
------------------------------------
एक दर्जन नए ट्रस्टी बनाए और कायमखानी गेस्ट हाउस की रिपेयरिंग व बेहतर संचालन के लिए हुई विस्तार से चर्चा
------------------------------------
पूर्व मंत्री यूनुस खां ने पेश किया समाज के सर्वांगीण विकास के सन्दर्भ में खाका
--------------------------------------
राजस्थान कायमखानी महासभा के विवाद के समाधान के लिए भी अलग से हुई अनौपचारिक मीटिंग
************************
जयपुर (थार न्यूज़-इक़रा पत्रिका)। कायमखानी वेलफेयर ट्रस्ट के ट्रस्टीगण, डोनर्स, मेम्बर्स और क़ौम के मोअज्जिज सरदारों की 18 मई इतवार को जयपुर में एक अहम मीटिंग आयोजित की गई। यह मीटिंग यहां हथरोई फोर्ट क्षेत्र स्थित कायमखानी गेस्ट हाउस में आयोजित की गई, जहां कायमखानी वेलफेयर ट्रस्ट का मुख्यालय और राजस्थान कायमखानी महासभा का ब्रांच ऑफिस भी है।
पवित्र कुरआन की तिलावत से मीटिंग का आगाज़ किया गया और दुनिया से रूखसत हुए तमाम ट्रस्टीज के लिए दुआ ए मग्फिरत की गई तथा उनके वारिसों को ट्रस्टी बनाने की घोषणा की गई। इसके बाद ट्रस्ट के जनरल सेक्रेटरी एडवोकेट सरवर खां चौलूखां ने प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत कर तमाम लेखा-जोखा और भविष्य की योजना के बारे में बताया, साथ ही जो नई कार्यकारिणी और सब-कमेटियां गठित की उन लोगों के नाम सदन में पेश किए।
करीब 19 साल पहले बने इस ट्रस्ट और गेस्ट हाउस के विभिन्न मुद्दों तथा क़ौम के सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और विकास के अन्य मुद्दों पर उपस्थित लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए तथा सुझाव दिया कि किस किस तरीके से समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है। मीटिंग ट्रस्ट के चेयरमैन मोहम्मद असलम खां (रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर सेल टैक्स) की अध्यक्षता में आयोजित की गई। मोहम्मद असलम खां इस गेस्ट हाउस को बनाने में अपना प्रमुख योगदान देने वाले मरहूम जी ख़ान साहब के साहबजादे हैं।
मीटिंग को सम्बोधित करते हुए ट्रस्ट के संरक्षक एवं पूर्व मंत्री और डीडवाना विधायक यूनुस खान ने कहा कि हम सबको वे काम करने चाहिए जिससे लोगों का भला हो। हमें हमारे हाॅस्टल, गेस्ट हाउस आदि तमाम इदारों को बेहतर से बेहतर चलाने की योजना पर चिंतन मंथन करना चाहिए। समाज के पास पैसे की कोई कमी नहीं है, हम सबके प्रयास थे कि आज डीडवाना कायमखानी हाॅस्टल, केजीएन हाॅस्टल जयपुर, सीकर कायमखानी हाॅस्टल, ददरेवा स्मारक, जयपुर गेस्ट हाउस, चूरू हॉस्टल आदि में आज जो काम हुआ है वो हम सबके सामने है, लेकिन यह आज के दौर के हिसाब से कम है।
उन्होंने समाज के सामने सर्वांगीण विकास का एक मजबूत खाका खींचते हुए कहा कि हमें और काम करने की जरूरत है ताकि हमारे बच्चे बच्चियों को पढ़ने में गुणवत्तापूर्ण आधुनिक सुविधा मिले और क़ौम आगे बढ़ सके। हम सबके सहयोग से जोधपुर में महाराजा श्री उम्मेद कायमखानी गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण शुरू हो चुका है। क़ौम के विकास के लिए और भी इदारे बनाने पड़ेंगे, साथ ही जो इदारे चल रहे हैं उनके रखरखाव और बेहतर संचालन पर भी हमें ध्यान देना होगा।
मीटिंग का मंच संचालन ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन एडवोकेट यूनुस अली खान मोयल ने किया। मीटिंग में क़ौम के विकास और गेस्ट हाउस को कैसे बेहतर तरीके से चलाया जाए इस पर करीब एक दर्जन लोगों ने अपने विचार रखे। भविष्य की योजना पर विस्तार से चर्चा कर तय किया गया कि चेयरमैन मोहम्मद असलम खां क़ौम के मोअज्जिज सरदारों और विषय विशेषज्ञों के साथ मीटिंग कर गेस्ट हाउस के सन्दर्भ में भविष्य का खाका तैयार करेंगे।

मीटिंग में निजामुद्दीन खां कालूसर ने दीन की रौशनी में बेहतरीन बात कहते हुए लोगों की हौसला अफजाई की और एकजुट होकर क़ौम हित में काम करने की अपील करते हुए सबसे पहले 51 हजार रूपए देते हुए ट्रस्टी बनने की घोषणा की तथा कहा कि क़ौम हित का कोई भी काम पैसे की कमी से नहीं रूकना चाहिए, हमें जब भी आप याद करेंगे हर वक्त हम तैयार मिलेंगे और भी जररूत पड़ी तो पैसा देंगे भी और दूसरों से दिलवाएंगे भी। इसके बाद एक एक कर करीब एक दर्जन नए ट्रस्टी बने और कुछ ने अपनी एक महीने की पैंशन और तनख्वाह भी ट्रस्ट को देने की घोषणा की। इस कड़ी में शफी खां टीटी भी जज्बाती बातें कहते हुए भावुक हो गए। उन्होंने बहुत ही सराहनीय बातें कही, उन्होंने कहा कि मैं एक रिटायर्ड आदमी हूं और मुझे 52 हजार 250 रूपए हर महीने पैंशन मिलती है, मैं एक महीने की पैंशन ट्रस्ट को दूंगा।
ट्रस्ट की नई कार्यकारिणी में सिकन्दर खां वल्द यूनुस खां पूर्व मंत्री को उपाध्यक्ष और अली खां निम्बी पूर्व सरपंच को कोषाध्यक्ष बनाया गया तथा छह सदस्य भी बनाए गए, जिनमें मोहम्मद खां चित्तौड़गढ़, नवाब खां सुदरासन एडिशनल एसपी, इमरान खां सरपंच शौभासर, एजाज अली खां पूर्व सरपंच रोल साहबसर, शरीफ खां खोखर भाऊजी की ढाणी और कप्तान लियाकत खां धनूरी शामिल हैं।
ट्रस्ट के बेहतर संचालन और क़ौम की खिदमत के लिए कुछ सब-कमेटियां भी बनाई गई। इनमें हाई पावर कमेटी जिसमें अध्यक्ष पूर्व मंत्री यूनुस खां, सदस्य सचिव मनवर अली खां चीफ इंजीनियर और चार सदस्य जाकिर हुसैन रिटायर्ड आईएएस, प्रोफेसर अनवर खान, श्रीमती जरीना बानो सरपंच बेसवा और फतेह मोहम्मद खां रिटायर्ड आरएएस को बनाया गया है।
वित्त समिति में एडवोकेट यूनुस अली खां मोयल, मुकारब खां निमोद, सुलतान खां हसनपुरा, असलम खां औरंगाबाद, मन्नू खां भींचरी, इमरान कायमखानी भीलवाड़ा, रमजान खां मेड़ता, रावत खां चेयरमैन लाडनूं, आरिफ खां चेयरमैन कुचामन सिटी, अय्यूब खां रिटायर्ड लेखाधिकारी सीकर और रफीक खां आर के ट्रेवल्स झोटवाड़ा को सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा निर्माण समिति में मनवर अली खां चीफ इंजीनियर, फारूक अली खां के के बिल्डर्स झोटवाड़ा, मुश्ताक खां प्रधान जी महरामपुरा, गनी खां बेरी और यासीन खां भाईजी जालूपुरा को सदस्य बनाया गया है।
महिला समिति में रौशनी बानो पत्नी पूर्व मंत्री यूनुस खां, परवीन खान पत्नी मोहम्मद असलम खां, मोबिना खान पत्नी मुश्ताक खां प्रधान जी, मोबिना खान पत्नी फतेह मोहम्मद खां, डॉक्टर जन्नत बानो पत्नी जावेद खां चित्तौड़गढ़ और शमीम मोयल पत्नी एडवोकेट यूनुस खां मोयल को सदस्य बनाया गया है।
मीटिंग में राजस्थान कायमखानी महासभा के संयोजक कर्नल शौकत अली खां, रिटायर्ड आईएएस जाकिर हुसैन, सुलतान खां हसनपुरा, उम्मेद खां गिडानिया जिलाध्यक्ष राजस्थान कायमखानी महासभा झुन्झुनूं, मोहम्मद खां चित्तौड़गढ़, यासीन खां जालूपुरा, एडवोकेट अलादीन खां, मुकारब खां, इक़रा पत्रिका के सम्पादक एम फ़ारूक़ ख़ान, सलीम खां, फूले खां हाथीखानी, हाजी शमीम खां, एम ताहिर खान, याकूब खां भादरा, याकूब खां रिटायर्ड वाणिज्य कर अधिकारी, महमूद खां एलमाण चूरू, शफी खां टीटी बिसाऊ, शमशेर भालू खां, मजीद खां पूर्व सरपंच राणासर, महमूद खां रिटायर्ड एडिशनल एसपी, सूबेदार अनीस खां नूआं, जंगशेर खां सरपंच पीथीसर, कामरेड उस्मान खां प्रधान जी, नियाज खां जाजोद, शब्बीर खां भगासरा, सलीम खां हसनपुरा, वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन सलावत खां, इमरान कायमखानी जिलाध्यक्ष भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा भीलवाड़ा, ताज मोहम्मद खां जिलाध्यक्ष युवा कायमखानी महासभा भीलवाड़ा, जाफर अली खां, नाजिम खां पीथीसर सहित कई गणमान्य लोग शरीक हुए।
उपस्थित सभी लोगों का ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन मुश्ताक खां प्रधान जी (जिलाध्यक्ष राजस्थान कायमखानी महासभा जयपुर) ने धन्यवाद ज्ञापित किया। मीटिंग के समापन पर कुछ लोगों ने राजस्थान कायमखानी महासभा के चुनाव सम्बन्धी विवाद को लेकर पूर्व मंत्री यूनुस खां से कुछ कहना चाहा। इस पर उन्होंने कहा कि आप इस विषय पर बात करना चाहते हो तो लंच बाद जो बैठना चाहें बैठकर हम चर्चा कर सकते हैं।
लंच बाद इस मुद्दे पर एक अनौपचारिक मीटिंग रखी गई, जिसमें इस विवाद से सम्बंधित सभी पक्षों के कुछ लोग और कुछ क़ौम के मोअज्जिज लोग मौजूद रहे। सभी ने सौहार्दपूर्ण तरीके से अपना अपना पक्ष रखा और एक दूसरे की बातें सुनी। इस पर पूर्व मंत्री यूनुस खां ने अपनी बात विस्तार से रखते हुए सभी को समझाया और कहा कि आप सभी चाहते हो कि इस मसले का हल निकले तो हम सभी पक्षों से बात कर शीघ्रता से इस मसले का हल निकालेंगे। इसके लिए आप हमें तीन महीने का वक्त दीजिए, तीन महीने में हम सब मिलकर इस मसले का सभी को संतुष्ट करने वाला हल निकाल लेंगे तथा संविधान के मुताबिक स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव भी करवा लेंगे, लेकिन इस काम में आप सबको हमारा सहयोग करना होगा और जो भी जिम्मेदारी दी जाए उसे निभाना होगा। उनकी बात को सभी ने स्वीकार करते हुए सहयोग करने का वादा किया।
(19/05/2025)
------------------------------------
➡️अगर आपको हमारा यह लेख/खबर पसंद आया हो, तो प्लीज इसे शेयर/फॉरवर्ड कीजिए और साथ ही हमारे अखबार की आर्थिक मदद भी कीजिए।
अकाउंट डिटेल्स:- इकरा पत्रिका
IKRA PATRIKA
PNB, MUSLIM SR. SEC. SCHOOL, MOTI DUNGARI ROAD, JAIPUR.
-------------------------------------------
➡️इकरा पत्रिका को सहयोग राशि आप Paytm, Phone Pay और Google Pay से भी भेज सकते हैं। फोन नम्बर
9414361522 पर (अकाउंट Farooq Ali Khan)
--------------------------------------------
©️ Copyright :- इस सम्पूर्ण लेख/खबर को या इसके किसी पैराग्राफ़ को हुबहू या तोड़ मरोड़ कर प्रकाशित करना मना है। अलबत्ता आप चाहें तो लेखक और हमारे अखबार के नाम के साथ इस सम्पूर्ण लेख/खबर को सोशल मीडिया पर शेयर जरूर कर सकते हैं।
--------------------------------------------
-@-फारूक़ अली ख़ान सम्पादक
थार न्यूज़-इक़रा पत्रिका।
©️ Copyright Thar News & Ikra Patrika.
All Rights Reserved.
Comments
Post a Comment