विधायक अमीन कागजी और किशनपोल विधानसभा क्षेत्र का विकास एवं विकास की थमती रफ्तार...

विधायक अमीन कागजी और किशनपोल विधानसभा क्षेत्र का विकास एवं विकास की थमती रफ्तार...

--------------------------------------

जयपुर (थार न्यूज़-इक़रा पत्रिका)। राजस्थान की राजधानी जयपुर और यहां की किशनपोल विधानसभा सीट, जिसका ज्यादातर हिस्सा परकोटे के अन्दर है। पुराने जयपुर की बसावट और गुलाबी रंग की इमारतें व खूबसूरत बाजार पूरी दुनिया में मशहूर हैं। इसी पुराने परकोटे वाले शहर में अजमेरी गेट नाम से एक ऐतिहासिक दरवाजा है, इस दरवाजे से छोटी चौपड़ तक एक खूबसूरत बाजार है, जिसका नाम किशनपोल बाजार है। इसी बाजार के नाम पर इस किशनपोल विधानसभा क्षेत्र का नामकरण किया गया है।



किशनपोल विधानसभा सीट जयपुर शहर लोकसभा क्षेत्र की आठ विधानसभा सीटों में से एक है। किशनपोल विधानसभा सीट वैसे तो एक मुस्लिम बाहुल्य सीट है, लेकिन 2013 तक यह भाजपा का गढ़ मानी जाती थी, क्योंकि 2003 से लेकर 2013 तक लगातार तीन चुनाव यहां से भाजपा ने जीते थे। तब भाजपा के सिम्बल पर मोहनलाल गुप्ता यहां से लगातार तीन बार विधायक रहे थे। 2018 के विधानसभा चुनाव में यहां से कांग्रेस की टिकट पर अमीन कागजी पहली बार विधायक बने, जबकि लगातार तीन बार जीतने वाले भाजपा नेता मोहनलाल गुप्ता को करारी हार का सामना करना पड़ा था।



अमीन कागजी के मिलनसार रवैए, गंगा जमुनी तहजीब में अटूट विश्वास, सबके सुख दुख में हर वक्त खड़े रहने की कोशिश और सेवाभावी मिजाज पर जनता ने 2018 के चुनाव में मुहर लगाई, जिससे वे पहली बार विधायक बने। विधायक बनने के बाद उन्होंने उसी सादगी और मिलनसार रवैए से जनता की सेवा की, जिसका नतीजा यह निकला कि 2023 के विधानसभा चुनाव में वे दूसरी बार विजयी हुए।



2018 से 2023 तक राजस्थान में कांग्रेस का राज था और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत थे, जिनका उन्हें पूरा सपोर्ट मिला। उन्होंने जमकर अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य करवाए। पहली बार किशनपोल विधानसभा क्षेत्र के लोगों को सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का एहसास हुआ। पहली बार उन्हें एक ऐसा विधायक मिला जो आसानी से मिल जाए, गौर से जनता की पीड़ा को सुने और उसका समाधान करने की हर सम्भव कोशिश करे।



अमीन कागजी के वालिद साहब सलीम कागजी साहब एक सफल व्यवसायी और उद्यमी थे। वे जमीन से जुड़े हुए एक सादा शख्सियत के मालिक थे। उन्होंने सांगानेर के कागज उद्योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। बड़े बड़े राजनेताओं और उद्यमियों से उनके व्यक्तिगत सम्बन्ध थे। सलीम कागजी साहब भी शुरू से कांग्रेस से जुड़े हुए थे, वे लम्बे टाइम तक जयपुर शहर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहे तथा दो बार राजस्थान स्टेट हज कमेटी के चेयरमैन रहे। उनका सादा और सरल जीवन तथा सभी से मिलनसार रवैया उन्हें तरक्की की बुलंदियों तक ले गया। उनकी इसी छवि और ताल्लुकात ने अमीन कागजी को आगे बढ़ने में मदद की। अमीन कागजी ने पिता की इस छवि और ताल्लुकात को मजबूती से थामा तथा अपने सियासी सफर को आगे बढ़ाया।


अमीन कागजी को पहली बार 2013 के चुनाव में कांग्रेस ने किशनपोल विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया था, लेकिन वे चुनाव हार गए थे। जिसका मुख्य कारण यह था कि इस चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ एक माहौल बना हुआ था और तब पार्टी के बड़े बड़े दिग्गज भी राजस्थान में चुनाव हार गए थे। कांग्रेस को 200 में से सिर्फ 21 सीटें मिली थीं, यह राजस्थान में कांग्रेस की आज तक की सबसे बुरी हार थी।


अमीन कागजी ने जब होश संभाला तभी से वे कांग्रेस से जुड़ गए थे, क्योंकि कांग्रेस से जुड़ाव और पार्टी के लिए काम करना उन्हें विरासत में मिला था। वे अपने वालिद साहब के साथ कांग्रेस के हर छोटे बड़े कार्यक्रम में सक्रिय रहते थे। यही वजह रही कि पार्टी ने 2013 में उन्हें विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया। हार के बाद वे लगातार 5 साल किशनपोल विधानसभा क्षेत्र में दिन रात जनता के बीच सक्रिय रहे। 2018 के चुनाव में उन्हें दोबारा टिकट मिला और वे चुनाव जीत गए। इस चुनाव में अमीन कागजी को 71 हजार 189 वोट (49.95 प्रतिशत) मिले, तीन बार के भाजपा विधायक मोहनलाल गुप्ता को 62 हजार 419 वोट मिले। कागजी ने गुप्ता को 8 हजार 770 वोटों से शिकस्त दी।


2018 में राजस्थान में कांग्रेस पार्टी को जीत मिली और अशोक गहलोत तीसरी बार मुख्यमंत्री बने। अमीन कागजी को राजस्थान स्टेट हज कमेटी का चेयरमैन बनाया गया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सहयोग और आशीर्वाद से अमीन कागजी ने अपने विधानसभा क्षेत्र किशनपोल का जमकर विकास करवाया। उन्होंने पांच साल में करोड़ों रूपए के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास, लोकार्पण और शुभारम्भ करवाया। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रभारी महासचिव कांग्रेस पार्टी सुखजिंदर सिंह रंधावा, सम्बन्धित मंत्रीगण, विधायक, पार्षद और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शरीक हुए।


इन विकास कार्यों में करीब 271 करोड़ रूपए के सीवर लाइन सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण कार्य और 211 करोड़ रूपए के स्कूल, अस्पताल, सामुदायिक भवन, सड़क, नाली आदि के निर्माण एवं मरम्मत कार्य प्रमुख हैं। साथ ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए पेयजल हेतु वाटर कूलर मय आर‌ओ मुख्य बाजारों में लगवाए गए। इसके अलावा करीब सवा चार करोड़ रूपए की लागत से "अमृत योजना" के तहत विभिन्न वार्डों में पानी की नई लाइनें डलवाई गई और 32 नलकूप लगवाए गए।


अमीन कागजी ने कांग्रेस सरकार में विधायक निधि कोष से 100 दिव्यांगों को स्कूटी वितरित करवाई। उन्होंने विभिन्न वार्डों में 374 सीसी रोड बनवाई, 209 सीवरेज लाइन का कार्य करवाया और 105 स्थानों पर पेयजल हेतु बोरिंग करवाए हैं। 


इसके अलावा विधायक अमीन कागजी ने अपने क्षेत्र के प्राचीन मंदिरों में भी मूल हैरिटेज स्वरूप को संरक्षित रखते हुए आर्ट वर्क, मरम्मत कार्य और रंग रोगन करवाकर उनका जीर्णोद्धार करवाया। इस जीर्णोद्धार कार्य में श्री ताड़केश्वर जी मंदिर चौड़ा रास्ता, श्री लक्ष्मी नारायण जी मंदिर बड़ी चौपड़, श्री गोपीनाथ जी मंदिर, श्री कल्कि जी मंदिर हवा महल बाजार और गणगौरी बाजार के श्री राधाकृष्ण जी मंदिर पर करीब 5 करोड़ 73 लाख रूपए कांग्रेस राज में लगवाए। साथ ही जौहरी बाजार में स्थित ऐतिहासिक जामा मस्जिद के जीर्णोद्धार और विभिन्न निर्माण कार्यों पर उन्होंने 2 करोड़ 33 लाख रूपए खर्च करवाए।


अमीन कागजी ने किशनपोल कन्या महाविद्यालय, महात्मा गांधी राजकीय बेसिक मॉडल दरबार स्कूल, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय माणक चौक, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय मोदीखाना, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय चौड़ा रास्ता, राजकीय महाराजा बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय छोटी चौपड़, राजकीय श्रीमती कमला नेहरू बालिका स्कूल जौहरी बाजार, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय तेलीपाड़ा, राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय नाहरवाड़ा, राजकीय माध्यमिक विद्यालय मंडी खटीकान, राजकीय ठाकुर हरिसिंह शेखावत संस्कृत विद्यालय खेतड़ी हाउस, महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय माली कॉलोनी और महाराजा पुस्तकालय चौड़ा रास्ता आदि के विभिन्न विकास कार्यों और निर्माण कार्यों पर करीब 39 करोड़ रूपए खर्च करवाए।


विधायक अमीन कागजी ने मोक्षधाम और कब्रिस्तान के विभिन्न कार्यों पर 5 करोड़ 76 लाख रूपए खर्च करवाए हैं। इसके अलावा जच्चा खाना राजकीय चिकित्सालय रामगंज में 6 करोड़ 25 लाख रूपए, किशनपोल सैटेलाइट हॉस्पिटल में 40 करोड़ रूपए, मोती कटला अस्पताल में 30 करोड़ रूपए, सिटी डिस्पेंसरी तेलीपाड़ा में 70 लाख रूपए, सिटी डिस्पेंसरी वार्ड 70 में 22 लाख रूपए, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्वामी बस्ती में 75 लाख रूपए, जनता क्लिनिक जालूपुरा में 15 लाख रूपए, जनता क्लिनिक तोपखाना का रास्ता में 15 लाख रूपए और आयुर्वेदिक चिकित्सालय लक्ष्मी नारायणपुरी में 3 करोड़ 96‌ लाख रूपए विभिन्न निर्माण कार्यों पर खर्च करवाए हैं।


इसके अलावा सामुदायिक भवन, स्मार्ट हैरिटेज स्ट्रीट लाइट और पोल्स लगवाने, भूमिगत पार्किंग बनवाने, अंडर ग्राउंड बिजली केबल डलवाने आदि करोड़ों रूपए के विकास कार्य भी कराए हैं। अमीन कागजी ने यह सभी विकास कार्य 2018 से 2023 के कांग्रेस राज में करवाए थे, जब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत थे। अब राजस्थान में भाजपा का राज है और अमीन कागजी की पार्टी कांग्रेस विपक्ष में है, इसलिए वे किशनपोल क्षेत्र में विकास कार्य उस रफ्तार से नहीं करवा पा रहे हैं, जिस रफ्तार से उन्होंने कांग्रेस राज में विकास कार्य करवाए थे। लेकिन फिर भी वे हर समय जनता की समस्या के समाधान का प्रयास करते रहते हैं।

(10/09/2025)

--------------------------------------

➡️अगर आपको हमारा यह लेख/खबर पसंद आया हो, तो प्लीज इसे शेयर/फॉरवर्ड कीजिए और साथ ही हमारे अखबार की आर्थिक मदद भी कीजिए।अकाउंट डिटेल्स:- इकरा पत्रिकाA/c no. 613900 55000 00252IKRA PATRIKAIFSC:- PUNB 0613900PNB, MUSLIM SR. SEC. SCHOOL, MOTI DUNGARI ROAD, JAIPUR.

--------------------------------------

➡️इकरा पत्रिका को सहयोग राशि आप Paytm, Phone Pay और Google Pay से भी भेज सकते हैं। फोन नम्बर 9414361522 पर (अकाउंट Farooq Ali Khan)

--------------------------------------

-©️ Copyright :- इस सम्पूर्ण लेख/खबर को या इसके किसी पैराग्राफ़ को हुबहू या तोड़ मरोड़ कर प्रकाशित करना मना है। अलबत्ता आप चाहें तो लेखक और हमारे अखबार के नाम के साथ इस सम्पूर्ण लेख/खबर को सोशल मीडिया पर शेयर जरूर कर सकते हैं।

------------------------------------

-@-फारूक़ अली ख़ान सम्पादक

थार न्यूज़-इक़रा पत्रिका।09602992087, 09414361522

©️ Copyright Thar News & Ikra Patrika. All Rights Reserved.


Comments

Popular posts from this blog

झुंझुनूं में रीटा चौधरी को कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनाने पर जबरदस्त रोष

चित्तौड़गढ़ अन्जुमन स्कूल में किया मुस्लिम शिक्षकों का सम्मान

कुरैशी समाज की नो दहेज, नो गार्डन, नो डिनर मुहिम के तहत सादगी से हुई शादी